Udgar Logo

उद्गार

साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संगठन व उससे जुड़ा दृष्टिकोण व लक्ष्य

विश्व में दो ही चीजें दीर्घकालिक जीवन पाई हैं और आगे भी पाती रहेंगी। पहली प्रकृतिनिष्ठ चीजें और दूसरी प्रकृति से प्रेरित साहित्य। जो लिपिबद्ध या चित्रबद्ध होने के बाद हमारे समाज में अमर हो जाती हैं। यह वस्तुएं युगों तक जीती हैं। अगर अमर नहीं तो इन्हें दीर्घजीवी तो कह ही सकते हैं।

हम उद्गार संगठन के माध्यम से विश्व कल्याण के अनेक सामग्रियों के सृजन व संरक्षण में लगे हुए हैं। साथ ही विश्व के प्रत्येक भाषा में साहित्य संवर्द्धन के बहुत सारे कार्य करने के लिए प्रस्तुत हैं। और कर भी रहे हैं। वर्तमान समय में बहुत सारे साहित्यिक कार्य हमारे समूह द्वारा संचालित हैं जिसमें वाराणसी एवं निकट के जनपदों में मासिक साहित्यिक व कवि गोष्ठियों का संचालन इस अभियान में एक कड़ी के रूप के जुड़ा हुआ है।

उद्गार संगठन अनेक साहित्यिक, सांकृतिक व सामाजिक योजनाओं के अलावा एक बड़ी और मुख्य योजना को लेकर तीब्रता से काम कर रहा है। इस मुहिम को ’‘लव यू दुनिया’’ नाम से जाना जाता है। ’‘लव यू दुनिया’’ उद्गार द्वारा संचालित एवं उसके संस्थापक द्वारा प्रेरित एक ऐसी मुहिम है जिसके माध्यम से पूरे विश्व में एक करोड़ पीपल के पौधे लगवाने का कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

संगठन व उसके संस्थापक का मानना है कि ’‘लव यू दुनिया’’ का लक्ष्य पूरा होता है तो यह विश्व की सबसे बड़ी सेवा होगी। हांलाकि उनके लिए एक करोड़ पीपल के पौधे लगाना व लगवाना दोनों एक बड़ा काम है। लेकिन एक सामाजिक संगठन और एक व्यक्ति ऐसा संकल्प भर ले लेता है तो भी यह विश्व मंगल भाव के सन्दर्भ में बहुत बड़ी बात हो जाती है।

’‘लव यू दुनिया’’ का सपना उसी दुनिया के लिए है जो एक पुकार में घंटों तालियां बजाती है। एक पुकार में महीनों घर में रहती है। एक आवाहन में श्रद्धा से रो पड़ती है। और एक आवाहन में सड़कों पर उतर कर अपने ही कल्याण के लिए जन आंदोलन छेड़ देती है। यह संकल्प उसी दुनिया के लिए है जो दुनिया असीम प्रेम व पारस्परिक समर्पण की भावना से भरी हुई है।

’‘लव यू दुनिया’’ मुहिम उसी दुनिया के लिए है जिस दुनिया के लोग कोरोना जैसी महामारी से लड़ने के लिए भी पूरी तरह एक साथ प्रस्तुत हैं। पत्रकार, चिकित्सक, पुलिस, सैनिक, साहित्यकार व आवश्यक सेवाओं के हमारे सेवादाताओं ने विगत दिनों इसका अद्भुत और चमत्कारिक चित्र प्रस्तुत किया है। विश्व भर से ऐसे अनेक प्रसंग व चित्र इस दुनिया के सामने आए जो इस दुनिया की वफादारी को सिद्ध करते हैं। यह दुनिया अनवरत हमेशा असीम प्रेम से भरी रही।

कुछ लोग इसे बिगाड़ने का काम करते रहे हैं, कुछ लोग इसमें भ्रष्टाचार व अपराध में जुड़े हुए हैं, लेकिन करोड़ों बेहतरीन लोगों में कुछ बुराइयाँ धीरे-धीरे समाप्त हो जाएंगी। लोग अपने किए पर पछताएंगे और फिर उसी रास्ते पर आएंगे जिस रास्ते पर नैतिकता गुलशन की तरह सुगंधित रहती है, मानवता किसी बगिया की तरह पुष्पित रहती है और अनेक कोमल मनोभाव वाले लोग माली की तरह उसे सिंचते रहते हैं। यह दुनिया असीम प्रेम देने व पाने की जगह है। यह दुनिया अप्रतिम त्याग का उदाहरण है। हम इसी तरह के मनोहर कल्पनाओं और समाज की मांगलिक सामग्रियों को सहेज रहे हैं। हम प्रेम और उससे प्रस्फुटित वेदना के उद्गार हैं। शुद्ध प्रेम के अनन्त उद्गार हैं और उसको संरक्षित करने के अनवरत प्रयास हैं।

हम बना रहे हैं अनश्वर मुहब्बत की एक नई व शानदार दुनिया। हम जाहिर कर रहे हैं अपना अथाह प्रेम। यह कहकर कि ’‘लव यू दुनिया’’। हम हैं उद्गार संगठन। हम आपके हैं और आपके साथ की प्रतीक्षा में आकुल भी…