पद्म पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन 31 जुलाई 2025 तक, आम नागरिक भी कर सकते हैं सिफारिश
अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। केंद्र सरकार ने पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन/सिफारिशें 15 मार्च 2025 से आमंत्रित की हैं। नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 निर्धारित की गई है। इच्छुक व्यक्ति या संस्थान राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से हैं, जिनकी शुरुआत वर्ष 1954 में हुई थी। ये पुरस्कार हर वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर उन व्यक्तियों को प्रदान किए जाते हैं जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट और असाधारण सेवा या उपलब्धि अर्जित की हो।
इन क्षेत्रों में कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक प्रशासन, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग आदि शामिल हैं। इन पुरस्कारों के लिए जाति, लिंग, पद या व्यवसाय के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता, लेकिन चिकित्सा और विज्ञान क्षेत्र को छोड़कर अन्य सरकारी सेवकों (जैसे सार्वजनिक उपक्रमों में कार्यरत) को यह पुरस्कार नहीं दिया जाता।
सरकार पद्म पुरस्कारों को “पीपल्स पद्म” के रूप में लोकप्रिय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में नागरिकों को स्वयं नामांकन करने की अनुमति है और वे अन्य योग्य व्यक्तियों की सिफारिश भी कर सकते हैं। विशेष रूप से महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जातियों/जनजातियों, दिव्यांगों और समाजसेवियों को पहचानने के लिए प्रयास करने की अपील की गई है।
नामांकन करते समय संबंधित व्यक्ति की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण और अधिकतम 800 शब्दों का वर्णनात्मक उद्धरण (citation) देना अनिवार्य है, जिसमें उसकी असाधारण सेवाओं और योगदान का उल्लेख होना चाहिए।
अधिक जानकारी और दिशा-निर्देश गृह मंत्रालय की वेबसाइट https://mha.gov.in के “पुरस्कार और पदक” अनुभाग तथा पद्म पुरस्कार पोर्टल https://padmaawards.gov.in पर उपलब्ध हैं।
देश के आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे आगे आकर ऐसे नायकों की पहचान करें, जो सच में सम्मान के हकदार हैं।