राष्ट्रीय किसान दिवस कार्यक्रम सफलता पूर्वक सम्पन्न
अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।
वाराणसी। दिनाँक 23 दिसम्बर, 2023 को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केन्द्र, कल्लीपुर, वाराणसी द्वारा केन्द्र पर राष्ट्रीय किसान दिवस का आयोजन सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम में केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुबंशी ने मुख्य अतिथि डॉ. सुनील पटेल माननीय विधायक, रोहनिया, वाराणसी का स्वागत तथा किसानों को सम्बोधित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. सुनील पटेल ने बताया कि हमारे देश में प्रतिवर्ष 23 दिसंबर के दिन को राष्ट्रीय किसान दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन को किसानों के हिमायती और उनको सशक्त बनाने के लिए कई काम करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस वर्ष इस दिन की थीम सतत खाद्य सुरक्षा और लचीलेपन के लिए स्मार्ट समाधान प्रदान करना है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ नवीन कुमार सिंह ने बताया कि आजादी के बाद वे समाज के किसानों की आवाज को जोर शोर से उठाने लगे। चौधरी चरण सिंह द्वारा तैयार किया गया जमींदारी उन्मूलन विधेयक राज्य के कल्याणकारी सिद्धांत पर आधारित था। एक जुलाई 1952 को यूपी में चौधरी चरण सिंह के बदौलत जमींदारी प्रथा का उन्मूलन हुआ और गरीबों को अधिकार मिला।
कार्यक्रम में केंद्र के सस्य वैज्ञानिक डॉ. अमितेश कुमार सिंह और बीज प्रोधौगिकी वैज्ञानिक श्रीप्रकाश सिंह ने अपने अपने विचार साझा किया। कार्यक्रम का संचालन गृह वैज्ञानिक डॉ. प्रतीक्षा सिंह ने किया। राष्ट्रीय किसान दिवस कार्यक्रम में विधायक रोहनिया वाराणसी द्वारा 11 किसानों जिसमें पूजा कुमारी, मीरा कुमारी, आरती कुमारी, अनीता कुमारी, कमलेश कुमार, मनीष, संजीत, अखिलेश सिंह, बबलू पटेल, रजनीश सिंह और मुकेश कुमार को विभिन्न विधाओं के लिए शाल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम मे केन्द्र के कर्मचारी राणा पियूष सिंह, अरविन्द कुमार गौतम, नगेंद्र कुमार एवं अशोक इत्यादि सहित पखस से अधिक किसानों ने भाग लिया।