कुसुम अपार्टमेंट में काव्य कुसुम ‘अभिव्यंजना’ का विमोचन सम्पन्न
अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।
वाराणसी। नगर के शिवपुर में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर एक विशेष काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के अनेक वरिष्ठ साहित्यकारों द्वारा डा0 पुष्पा सिंह के छठवें हिन्दी काव्य संग्रह ‘अभिव्यंजना’ का विमोचन भी किया गया।
कुसुम अपार्टमेंट, शिवपुर स्थित सभागार में वरिष्ठ साहित्यिकार व कवयित्री छाया शुक्ला द्वारा सभी का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गीतकार सूर्यप्रकाश मिश्र ने किया एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में महेन्द्र नाथ तिवारी ‘अलंकार’ रहे। दीप प्रज्वलित कर माँ शारदे की आराधना राजकीय जिला पुस्तकालयाध्यक्ष कंचन सिंह परिहार ने की। उपस्थित प्रमुख साहित्यकारों ने पुस्तक व डा. पुष्पा सिंह के सशक्त लेखनी की दाद देते हुए साहित्य के प्रति उनके समर्पण भाव को सराहा।
बेहद पारिवारिक लेकिन भव्यतापूर्ण सभा में कंचन लता चतुर्वेदी, अनीता श्रीवास्तवा, छाया शुक्ला, नवोदित कवि डी. डी. शुक्ला, महेंद्र अलंकार, छतिश द्विवेदी ‘कुण्ठित’, सुनील सेठ, प्रसन्न वदन चतुर्वेदी ‘अनघ’, शरद श्रीवास्तव ‘शरद’ विनय श्रीवास्तव आदि लोग रहे। सबने रोचक गीत गज़लों से महफिल सजाई एवं पुस्तक विमोचन अंजुमन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के आखिर में कवयित्री डा. पुष्पा सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।