Meeting and candlelight march held in Varanasi demanding the resignation of Education Minister Dharmendra Pradhan; voices raised in support of Sonam Wangchuk.Meeting and candlelight march held in Varanasi demanding the resignation of Education Minister Dharmendra Pradhan; voices raised in support of Sonam Wangchuk.

अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।

शिक्षा के निजीकरण, पेपर लीक और नई शिक्षा नीति के विरोध में साझा संस्कृति मंच का प्रदर्शन

वाराणसी । साझा संस्कृति मंच के तत्वावधान में अंबेडकर पार्क कचहरी पर देश में बढ़ते शिक्षा संकट, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक, शिक्षा के निजीकरण तथा लोकतांत्रिक आवाज़ों के दमन के विरोध में जनसभा आयोजित की गई। सभा के बाद प्रतिभागियों ने कैंडल मार्च निकालकर केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और जनजागरण अभियान चलाया।

सभा को संबोधित करते हुए फादर आनंद ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताएं, सरकारी विद्यालयों के बंद होने और शिक्षा के महंगे होने से छात्रों एवं युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। धनंजय त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा का बढ़ता निजीकरण गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक समुदायों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा को कठिन बना रहा है।

वक्ताओं ने वैज्ञानिक सोनम वांगचुक, छात्रनेता नेहा मनीष तथा अन्य छात्र-युवाओं द्वारा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही की मांग को लेकर किए जा रहे अनशन का समर्थन किया। जागृति राही ने कहा कि लोकतांत्रिक मांगों को सुनने के बजाय सरकार द्वारा उपेक्षा और दमन का रवैया अपनाया जा रहा है। वहीं नंदलाल मास्टर ने नई शिक्षा नीति की आलोचना करते हुए कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था अधिक केंद्रीकृत और बाज़ारोन्मुख होती जा रही है।

कार्यक्रम में अधिवक्ता अबु हाशमी सहित अन्य वक्ताओं ने शिक्षा संस्थानों की स्वायत्तता, लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। इस दौरान प्रेरणा कला मंच के कलाकारों ने जनगीत प्रस्तुत किए। आयोजकों ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 19 जुलाई को शास्त्री घाट पर एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में फादर आनंद, निति भाई, जागृति राही, नंदलाल मास्टर, धनंजय त्रिपाठी, विनय राय मुन्ना, गगन, सिस्टर फ्लोरिन, गौरव, अनिल, फादर दयाकर, डॉ. अनूप श्रमिक, जितेंद्र, महेंद्र सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group