Resolving public grievances with sensitivity; instructions for prompt action on every complaint.Resolving public grievances with sensitivity; instructions for prompt action on every complaint.

अनिवार्य प्रश्न। संवाद।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज अपने सरकारी आवास 7, कालिदास मार्ग, लखनऊ पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में विभिन्न जिलों से आए फरियादियों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, स्वयं प्रत्येक शिकायतकर्ता के पास पहुंचे, उनकी पूरी बात धैर्यपूर्वक सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए लिखित निर्देश जारी किए। कई मामलों में उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। जनता दर्शन में सड़क, नाली, पेयजल व्यवस्था, चकमार्गों पर अतिक्रमण, राजस्व भूमि से जुड़े विवाद, विद्युत आपूर्ति की समस्याएं, विद्युत भार वृद्धि के लिए नए ट्रांसफार्मर की स्थापना, आवास, चिकित्सा सहायता तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित अनेक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनता दर्शन के दौरान श्रीमती सरोज कुमार, पत्नी राजेन्द्र कश्यप, निवासी मोहनलालगंज, लखनऊ ने आयुष्मान भारत कार्ड उपलब्ध कराए जाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, हरदोई निवासी श्री नीरज मौर्य ने अपनी बहन ऊर्षा मौर्य के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया। इस संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया।

आजमगढ़ जनपद के ग्राम लेडूपार की ग्राम प्रधान श्रीमती विभावती सिंह ने गांव में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु 25 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित कराने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, आगरा जनपद के विकास खंड सैंया के ग्राम डुडीपुर की निवासी श्रीमती गुड्डी, पत्नी श्री कालीचरण ने मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने पात्रता के आधार पर शीघ्र परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, कानपुर देहात की आरती देवी ने पुलिस भर्ती परीक्षा में स्वास्थ्यगत आवश्यकता को देखते हुए नेबुलाइज़र ले जाने एवं उपयोग की अनुमति प्रदान किए जाने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

मुरादाबाद निवासी श्रीमती रामवाला ने कैंसर के उपचार हेतु आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का अनुरोध किया। इसी प्रकार कानपुर की श्रीमती कंचन मिश्रा, पत्नी श्री अभिषेक मिश्रा, जो कैंसर से पीड़ित हैं, ने उपचार हेतु आर्थिक सहयोग की मांग की। बाराबंकी निवासी मुन्नीलाल, पुत्र स्वर्गीय दयाशंकर ने भी कैंसर उपचार के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। सभी मामलों में उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, इसके अतिरिक्त श्रीमती सौगंध देवी, पत्नी वृद्धव कुमार, जो गंभीर किडनी रोग से पीड़ित हैं, ने उन्हें एसजीपीजीआई, लखनऊ में भर्ती कराकर समुचित उपचार उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को तत्काल आवश्यक समन्वय स्थापित कर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने दूरभाष पर जिलाधिकारी रामपुर, झांसी, कानपुर देहात, प्रयागराज एवं फिरोजाबाद सहित पुलिस आयुक्त तथा पुलिस अधीक्षक कन्नौज, अलीगढ़, सुल्तानपुर एवं वाराणसी से बात कर संबंधित प्रकरणों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को सर्वाेच्च प्राथमिकता पर लिया जाए, सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी न्याय और राहत उपलब्ध कराना है। किसी भी पात्र व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा तथा प्रत्येक जरूरतमंद तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्रतिबद्धता है, उन्होंने कहा कि जनता दर्शन केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। प्रदेश सरकार श्सेवा, सुशासन और गरीब कल्याणश् की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group