अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। चन्दौली। किसानों को उर्वरक (यूरिया व डीएपी) की निर्बाध आपूर्ति और सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति चन्दौली लि0 एवं मंडी परिसर स्थित किसान सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद की उपलब्धता, स्टॉक पंजिकाओं तथा वितरण व्यवस्था का गहनता से सत्यापन किया। वहां मौजूद किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उपलब्ध सुविधाओं का फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भौतिक स्टॉक का समिति के अभिलेखों एवं पीओएस मशीन में दर्ज आंकड़ों से मिलान कराया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जिले में उर्वरक की कोई कमी न होने पाए और किसानों को निर्धारित दर पर ही समयबद्ध तरीके से खाद उपलब्ध कराई जाए। मंडी परिसर स्थित किसान सेवा केंद्र पर बिक्री रजिस्टर अपडेट नहीं पाये जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा किसानों को उर्वरक का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ ई-पॉश मशीन के माध्यम से ही किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि ओवररेटिंग, कालाबाजारी या खाद की जमाखोरी का कोई मामला प्रकाश में आता है, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समिति परिसर में आने वाले किसानों की सुविधा के लिए पेयजल और छायादार बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने गोदामों में खाद का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और दैनिक आधार पर वितरण की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजने का आदेश दिया गया। किसानों को समय पर और सही मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, एआर कोआपरेटिव विपिन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं मौके पर किसान मौजूद रहे। Post navigation चंदौली के वनांचल गांवों में पहुंचेगा डिजिटल नेटवर्करू चकिया और नौगढ़ के 4 गांवों में बीएसएनएल बीटीएस की स्वीकृति