अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आज संस्थान, बरेका द्वारा 26 जून से 20 जुलाई, 2026 तक आयोजित ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन बरेका खेलकूद मैदान पर सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप महाप्रबंधक, बरेका सागर रहे। मुख्य अतिथि सागर ने शिविर में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नियमित खेलकूद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, टीम भावना तथा सकारात्मक जीवनशैली के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेलों को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि जन संपर्क अधिकारी, बरेका श्री राजेश कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल एवं रचनात्मक गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से नियमित रूप से खेलों एवं सृजनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया। ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल कौशल, शारीरिक दक्षता एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि संस्थान, बरेका द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर के अंतर्गत बास्केटबॉल, फुटबॉल, स्केटिंग, रोल बॉल, मार्शल आर्ट्स, शतरंज, चित्रकला, मेहंदी, अबेकस तथा जुंबा सहित अनेक विधाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जाता है, जिससे बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहन एवं निखार मिलता है। समारोह में पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं एनआईएस कोच विनोद कनौजिया, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी राकेश जोशी, उप सचिव, संस्थान अरविंद तिवारी सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत सचिव, पुस्तकालय आनंद राय ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सचिव, संस्थान आलोक कुमार सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन उप संयुक्त सचिव अखिलेश कुमार ने प्रस्तुत किया। ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर के संयोजक श्आलोक कुमार सिंह रहे। Post navigation प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में आए हुए फरियादियों को दिलाया भरोसा, कहा होगा गुणवत्तापूर्ण त्वरित निस्तारण