Message of cultural unity strengthened in Kashi through ‘Odisha Parv-2026’... Deputy Chief Minister Keshav Prasad MauryaMessage of cultural unity strengthened in Kashi through ‘Odisha Parv-2026’... Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya

अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।

वाराणसी। दीनदयाल हस्तशिल्प विद्यालय, व्यापार सुविधा केंद्र एवं शिल्प संग्रहालय, बड़ा लालपुर, वाराणसी में आयोजित ‘ओडिशा पर्व-2026’ के उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के मा0 उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उन्होंने ओडिशा के लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां देखीं और कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी में ओडिशा पर्व का आयोजन हमारे लिए घर की बात है। काशी विश्व की सांस्कृतिक राजधानी है और बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी है, जबकि ओडिशा महाप्रभु जगन्नाथ जी की आस्था, कला और गौरवशाली परंपराओं की भूमि है। काशी और ओडिशा का यह संगम भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक एकता को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु सदियों से पुरी धाम जाते रहे हैं और ओडिशा से श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए काशी आते रहे हैं।

मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को ‘विकास भी, विरासत भी’ का मंत्र दिया है। डबल इंजन की भाजपा सरकारों में देश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का अभूतपूर्व विकास हुआ है। अयोध्या में 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का विकास तथा महाकाल और सोमनाथ जैसे तीर्थस्थलों पर सुविधाओं का विस्तार इसी संकल्प का परिणाम है। इससे भारत पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि ओडिशा की ओडिसी नृत्य, पट्टचित्र कला, संबलपुरी-कोटपाड़ वस्त्र और चांदी की तारकशी उसकी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान हैं। ओडिशा पर्व के 32 स्टॉल हस्तशिल्प, हथकरघा और पारंपरिक व्यंजनों की विविधता को प्रदर्शित कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ योजना की तरह ऐसे आयोजन स्थानीय कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और ग्रामीण उद्यमियों को बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार गरीबों को भोजन, आवास, बिजली, शौचालय, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ महिला सशक्तिकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर ‘वंदे मातरम्’ का अपमान देश के स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों का अपमान है। कांग्रेस ने तुष्टिकरण और विभाजन की राजनीति से देश को कमजोर किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विकास, राष्ट्रगौरव और विरासत के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी काशीवासियों, युवाओं एवं पर्यटकों से ‘ओडिशा पर्व’ में पहुंचकर ओडिशा की कला, संस्कृति और परंपराओं का अनुभव करने की अपील की तथा रक्षाबंधन पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में श्रीमती पार्वती परिड़ा उप मुख्यमंत्री, उड़ीसा,जयवीर सिंह मंत्री, अनिल राजभर मंत्री, अशोक चौरसिया क्षेत्रीय अध्यक्ष, काशी क्षेत्र, अशोक तिवारी महापौर काशी, प्रदीप अग्रहरी महानगर अध्यक्ष, रामसकल पटेल जी, जिलाध्यक्ष भाजपा, श्रीमती पूनम मौर्य जिला पंचायत अध्यक्ष, कौशलेंद्र पटेल जी, पूर्व महापौर काशी, अवनीश कुमार अवस्थी जी, सलाहकार मा० मुख्यमंत्री, अमृत अभिजात , अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, भुवनेश कुमार , सचिव, भारत सरकार, डॉ० विजय केतन उपाध्याय सचिव, उड़ीसा सरकार, दीपंकर महापात्रा , निदेशक, उड़ीसा सरकार, बलवन्त सिंह, आयुक्त, पर्यटन, डॉ० जे० के० मोहन्ती जी, चेयरपर्सन, फिक्की एवं अन्य सदस्य सम्मिलित हुए।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group