Program organized at Shri Agrasen Kanya PG College on International Literacy Day.Program organized at Shri Agrasen Kanya PG College on International Literacy Day.

अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।

वाराणसी। श्री अग्रसेन कन्या पी.जी. कॉलेज वाराणसी में दिनांक 08.09.2026 को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर समाजशास्त्र विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को साक्षरता के महत्व, उनके अधिकारों तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना था। परमानंदपुर परिसर में समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो कुमुद सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि साक्षरता किसी व्यक्ति को केवल अक्षरों का ज्ञान नहीं देती, बल्कि उसे सोचने, समझने, निर्णय लेने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की शक्ति प्रदान करती है। एक साक्षर व्यक्ति न केवल अपने परिवार को आगे बढ़ाता है, बल्कि अपने समाज को मजबूत बनाता है और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है।यह दिन केवल पढ़ने-लिखने के महत्व को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि यह संकल्प लेने का दिन है कि समाज का कोई भी व्यक्ति शिक्षा के प्रकाश से वंचित न रहे।हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सुधा यादव ने कहा कि पढ़ना-लिखना सीखना साक्षरता की पहली सीढ़ी है, लेकिन सच्ची साक्षरता तब है जब व्यक्ति अपने जीवन, समाज और राष्ट्र के प्रति जागरूक होकर सही निर्णय लेने में सक्षम बने। महाविद्यालय के बुलानाला परिसर में भी अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में श्रीमती शोभा प्रजापति ने कहा कि जिस समाज में शिक्षा का प्रकाश पहुँचता है, वहाँ अज्ञानता, अंधविश्वास और असमानता का अंधकार स्वयं दूर होने लगता है।डॉ बंदनी ने कहा अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि शिक्षा किसी व्यक्ति के जीवन को बदलने वाली सबसे बड़ी शक्तियों में से एक है। यह हमें अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने ,सही निर्णय लेने और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने की क्षमता प्रदान करती है। डॉ पूजा राय ने बताया कि साक्षरता व्यक्ति के ज्ञान, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ उसे सामाजिक, आर्थिक एवं लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए सक्षम बनाती है। इस अवसर पर डॉ सुनीता सिंह, डॉ साधना यादव, डॉ दुर्गा गौतम तथा डॉ प्रज्ञा त्रिपाठी ने भी अपने विचार व्यक्त किये ।कार्यक्रम में स्नातक एवं परास्नातक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा अपने विचार भी व्यक्त किए।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group