अनिवार्य प्रश्न। संवाद। बदायूं। बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव राजा की सीकरी में ग्राम समाज की खलिहान की भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने और गिराकर क्षतिग्रस्त करने के आरोप के बीच मंगलवार को सुबह से शाम तक जमकर बवाल हुआ। सरकारी भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने की मांग पर अड़े ग्रामीण शाम को उतने उग्र हो गए कि भीड़ ने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों पर पथराव कर दिया। करीब आधे घंटे तक हुए पथराव में एसडीएम, सीओ की गाड़ी सहित एक दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अफसरों ने भागकर खुद को बचाया। पथराव से मौके पर दहशत फैल गई। पथराव में कई नागरिकों के साथ पुलिस प्रशासन के कर्मचारियों के घायल होने की बात सामने आई है। पुलिस फोर्स ने बलपूर्वक बवालियों को खदेड़ते हुए आंबेडकर प्रतिमा कब्जे में कर ली। पुलिस ने करीब 12 लोगों को हिरासत में ले लिया है। पथराव में एक पीएसी का ट्रक, एक फायर ब्रिगेड, एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार की गाड़ी के साथ वजीरगंज, बिसौली, उघैती, फैजगंज बेहटा व बिल्सी के इंस्पेक्टरों की गाड़ियां और दो निजी एंबुलेंस के शीशे क्षतिग्रस्त हुए हैं। पथराव के दौरान वहां मौजूद आसफपुर के अधिवक्ता प्रदीप कुमार के सिर में पत्थर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके छह टांकें आए हैं। बवाल के दौरान एसडीएम के पैर पर पत्थर लगा। उनके अर्दली के हाथ में पत्थर लगने से चोट आई है। इसके साथ आधा दर्जन महिला सिपाहियों सहित अन्य पुलिस कर्मियों को भी चोटें आई हैं। सभी पुलिस कर्मी हेलमेट और दंगा नियंत्रण के दौरान पहनने वाली जैकेट नहीं पहने होते तो सभी को ज्यादा चोटें आतीं। सूचना मिलते ही डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि ग्राम समाज की भूमि पर आंबेडकर प्रतिमा लगाए जाने की सूचना मिलने के बाद सुबह से पुलिस बल तैनात किया गया था। शाम को करीब साढ़े सात बजे कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। जिससे पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। कुछ कर्मचारी भी घायल हुए हैं। एसएसपी ने बताया कि बाबा साहब की प्रतिम को सुरक्षित रूप से पुलिस ने रखवा दिया गया है। मौके पर स्थिति सामान्य है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। Post navigation बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, संतान को संपत्ति से कर सकेंगे बेदखल सीडीओ आर जगत साईं की सख्त रुख, चहनिया बीडीओ को चेतावनी और कई सचिवों का वेतन रोका