अनिवार्य प्रश्न। संवाद। वाराणसी। अकथा के काशी एन्क्लेव स्थित सेरेन सानी स्कूल में प्ले ग्रुप के एक छात्र के पैंट में पेशाब हो जाने से नाराज शिक्षिका ने गर्म चाकू से उसके निजी अंग को दाग दिया। शुक्रवार की इस घटना के संबंध में पीड़ित बच्चे के पिता केशरी जायसवाल ने शनिवार को स्कूल की प्रिंसिपल हेमलता सिंह, अज्ञात प्रबंधक और आरोपी शिक्षिका प्रीति कुशवाहा के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित पिता ने स्कूल की प्रिंसिपल पर दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया अकथा स्थित जेडी नगर कॉलोनी निवासी पीड़ित पिता ने बताया कि वह पेशे से अधिवक्ता हैं। उनका पांच वर्षीय बेटा अकथा के काशी एन्क्लेव स्थित सेरेन सानी स्कूल में प्ले ग्रुप का छात्र है। आरोप है कि शुक्रवार को बच्चे ने स्कूल में बाथरूम जाने की अनुमति मांगी लेकिन शिक्षिका प्रीति कुशवाहा ने इन्कार कर दिया। इसके बाद बच्चे की पैंट में ही पेशाब हो गया। आरोप है कि शिक्षिका बच्चे को दूसरे कमरे में ले गई जहां उन्होंने गैस लाइटर से चाकू गर्म कर उसके निजी अंग को दाग दिया। साथ ही बच्चे के साथ मारपीट भी की गई। आरोप के अनुसार, दोबारा ऐसी गलती होने पर और बुरा हाल करने की धमकी भी दी गई। घर पहुंचने पर बच्चे ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद उन्होंने शिक्षिका से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन शिक्षिका ने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में स्कूल की प्रिंसिपल से बात की। आरोप है कि प्रिंसिपल ने सहयोग करने के बजाय धमकी भरा जवाब दिया। स्कूल पहुंचने पर भी प्रिंसिपल और प्रबंधक ने किसी प्रकार की सहायता करने से इन्कार कर दिया। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रिंसिपल हेमलता सिंह, शिक्षिका प्रीति कुशवाहा और अज्ञात प्रबंधक के खिलाफ धमकी, मारपीट और झुलसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चिकित्सकों से भी बातचीत की गई है। पूरे प्रकरण में एसीपी कैंट से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। पुलिस की एक टीम स्कूल में भी जांच के लिए पहुंची थी। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। – प्रमोद कुमार, डीसीपी वरुणा जोन Post navigation उच्च शिक्षा के शिक्षकों-कर्मचारियों को मिलेगा डेढ़ करोड़ का दुर्घटना बीमा कवर, पीएनबी के साथ होगा एमओयू सोते समय जहरीले सांप ने डसा, तीन वर्षीय मासूम की मौत; झाड़-फूंक कराने गए थे परिजन