अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज वाराणसी में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य समारोह में सहभागिता करते हुए श्रद्धालुओं एवं जनसमुदाय को संबोधित किया। संबोधन का प्रारम्भ संत श्री निरंजन दास जी महाराज, पंजाब के चरणों से किया उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचार सामाजिक समरसता, समानता, प्रेम, करुणा, सेवा और मानव कल्याण का संदेश देते हैं। आज भी उनके आदर्श समाज को सही दिशा प्रदान करने में पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संतों के आशीर्वचन केवल सुनने के लिए नहीं होते, बल्कि उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने नई पीढ़ी का आह्वान करते हुए कहा कि संतों द्वारा बताए गए सत्य, अहिंसा, सदाचार, सेवा, परिश्रम और राष्ट्रहित के मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, समरस और विकसित भारत का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गुरुजनों का सम्मान करना, उनके संस्कारों को अपनाना तथा समाज में सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। मौर्य ने कहा कि जिस प्रकार संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने समाज के प्रत्येक वर्ग को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया था, उसी प्रकार आज यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयासष् केवल एक नारा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री जी का धर्म और कर्म है। उन्होंने कहा कि आज का भारत तेजी से आगे बढ़ता हुआ आधुनिक भारत है। यह ऐसा भारत है जो गरीबी से मुक्ति दिलाने के लिए संकल्पित है, विश्व पटल पर मजबूती से अपनी बात रखने वाला भारत है तथा आतंकियों के सीने पर चढ़कर उनकी सांसे छीन लेने वाला भारत है। आज भारत आत्मनिर्भरता, विकास, सुशासन और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समरस समाज की स्थापना का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार संत-महापुरुषों के विचारों और उनकी विरासत को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके आदर्शों के अनुरूप समाज निर्माण का कार्य निरंतर कर रही है। मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा आज पीडीए के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास कर रही है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ऐसा कभी सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि समाज को जोड़ना हमारी संस्कृति है और समाज को बांटना कुछ राजनीतिक दलों की प्रवृत्ति रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने संत रविदास नगर का नाम बदलकर भदोही कर दिया था, हम संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के सम्मान और उनकी गौरवशाली विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संत रविदास नगर की पहचान और गौरव को पुनः स्थापित करने के लिए सरकार सकारात्मक निर्णय लेने के लिए संकल्पित है। मौर्य ने कहा कि संतों और महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेकर ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, गरीबों के उत्थान तथा मानवीय मूल्यों के संरक्षण में लगानी चाहिए। यही गुरु रविदास महाराज के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर परमपूज्य संत निरंजनदास जी, मा. केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम जी, भाजपा के मा. राष्ट्रीय महासचिव श्री तरुण चुग जी, मा. केंद्रीय राज्य मंत्री व भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य राजस्थान के मा. उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा जी, मा. उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जी, मा. मंत्रीगण, पूज्य संतगण एवं अन्य प्रतिष्ठितजन की गरिमामयी उपस्थिति रही। Post navigation महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह के दौरान एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिला नया संबल-आनंदीबेन पटेल आषाढ़ पूर्णिमा पर भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता……केशव प्रसाद मौर्य