Two innocent children die after falling into an open borewell.Two innocent children die after falling into an open borewell.

अनिवार्य प्रश्न। संवाद।

जौनपुर। जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र के गारोपुर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में खुले बोर के गड्ढे में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गारोपुर गांव निवासी छह वर्षीय शिवम बिंद, पुत्र वीरेंद्र बिंद और पांच वर्षीय आरो बिंद, पुत्र अनिल बिंद, बुधवार को घर से करीब 300 मीटर दूर खेल रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे हैंडपंप लगाने के लिए पहले से खोदे गए खुले बोर के गड्ढे में दोनों बच्चे गिर गए। हादसे में शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आरो को परिजन तत्काल सुरियावां के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय दोनों बच्चों की माताएं खेत में धान की रोपाई करने गई थीं। काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों के गड्ढे में गिरने की जानकारी मिली। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया। सूचना पर बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क किनारे खुले छोड़े गए बोर के गड्ढों को लेकर नाराजगी जताई। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा ऐसे सभी खुले गड्ढों को तत्काल बंद कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group