A grand Tricolour distribution and cultural programme was held at Arya Mahila College under the ‘Har Ghar Tiranga and Har Man Tiranga’ campaign.A grand Tricolour distribution and cultural programme was held at Arya Mahila College under the ‘Har Ghar Tiranga and Har Man Tiranga’ campaign.

अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।

वाराणसी। बुधवार को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आर्य महिला हितकारिणी महापरिषद्, वाराणसी द्वारा ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा एवं हर मन तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत भव्य एवं प्रेरणादायी तिरंगा वितरण तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षकों, एनसीसी कैडेट्स एवं युवा पीढ़ी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी, महानगर के अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि रहे। उनके आगमन पर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पूर्व महानगर महामंत्री चंद्रशेखर उपाध्याय एवं क्षेत्रीय मंत्री, महिला मोर्चा श्रीमती पूजा दीक्षित की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि प्रदीप अग्रहरि ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरित किया तथा सभी से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य का संकल्प लेने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, शौर्य, शांति, समृद्धि और हमारे वीर शहीदों के सर्वाेच्च बलिदान का प्रतीक है। केसरिया साहस एवं शौर्य, सफेद शांति एवं सत्य तथा हरा समृद्धि एवं विकास का संदेश देता है।” उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश करते हुए हमें उन अमर शहीदों को स्मरण करना चाहिए, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि युवा भारत का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा एवं प्रतिभा राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। काशीवासियों के लिए यह गौरव की बात है कि हम अपने सांसद के साथ-साथ देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी चुनते हैं। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ प्रत्येक युवा को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व का सबसे सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि 9 अगस्त से 17 अगस्त तक देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ एवं तिरंगा यात्रा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वाराणसी में 13 अगस्त को ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा सायं 3 बजे महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ गेट संख्या 3 से प्रारंभ होकर लहुराबीर होते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंचकर संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह जी होंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में तिरंगा यात्रा में सहभागी बनकर इस राष्ट्रभक्ति अभियान को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान करते हुए विद्यालय की छात्राओं ने भगवान शिव के आह्वान के साथ देश के विभिन्न प्रांतों की शास्त्रीय नृत्य परंपराओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं एनसीसी छात्राओं की अनुशासित परेड एवं विद्यालय बैंड की राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत धुनों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन विद्यालय की डीन ऑफ एकेडमिक्स श्रीमती दीपा जोशी जी ने किया।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या श्रीमती अंजना दीक्षित जी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, छात्राओं एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्या द्वारा मुख्य अतिथि प्रदीप अग्रहरि सहित विशिष्ट अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
अतिथियों ने आर्य महिला संस्थान की श्रीमती पूजा दीक्षित जी एवं प्रबंधन समिति को सफल एवं भव्य आयोजन के लिए बधाई दी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली छात्राओं एवं बच्चों का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर युवा पीढ़ी के साथ मिलकर राष्ट्र निर्माण, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों और युवाओं के मन में राष्ट्रप्रेम, एकता, साहस एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम में महानगर मीडिया से प्रमील पाण्डेय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group