अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। ’वाराणसी। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वाराणसी के सिगरा स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध खेल अवसंरचना, प्रशिक्षण सुविधाओं और खिलाड़ियों की तैयारियों की समीक्षा की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव भी उपस्थित रहे। दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के मंत्री ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों से संवाद किया। इस दौरान खिलाड़ियों के विकास, उच्च प्रदर्शन आधारित प्रशिक्षण तथा देश में खेल पारिस्थितिकी तंत्र को और सशक्त बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। डॉ. मनसुख मांडविया ने खिलाड़ियों के समर्पण, मेहनत और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के साथ उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भारतीय खेलों के भविष्य पर अपने विचार साझा करते हुए जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, वैज्ञानिक पद्धति से प्रशिक्षण देने तथा देशभर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में फिट इंडिया जैसे अभियानों के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में साई के क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रभारी आत्मा प्रकाश, निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह, उप निदेशक शुभांशु द्विवेदी सहित प्रशिक्षक, सहयोगी कर्मचारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे। Post navigation बाढ़ प्रभावित 97 कृषकों को ₹2,42,586 की कृषि निवेश अनुदान धनराशि ई-पेमेंट के माध्यम से हस्तांतरित सीजेआई के इस्तीफे की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने कहा – न्यायपालिका की गरिमा बनाए रखें