A royal stay in Kashi: suites by the Ganges cost 4 lakh, while cruises can go up to 5 lakh.A royal stay in Kashi: suites by the Ganges cost 4 lakh, while cruises can go up to 5 lakh.

अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी में पर्यटकों की भारी भीड़ के चलते होटल, गेस्ट हाउस से लेकर क्रूज और नावों तक की बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है। 24 नवंबर को होने वाले दीपोत्सव को देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक पहुंच रहे हैं। गंगा किनारे स्थित हेरिटेज होटलों के प्रीमियम सुइट का एक रात का किराया चार लाख रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, लग्जरी क्रूज के विशेष पैकेज साढ़े तीन लाख रुपये तक में बुक हो रहे हैं। पांच लाख रुपये में 60 सीटों वाले अलकनंदा क्रूज की बुकिंग भी हो चुकी है। होटल नहीं मिलने पर पर्यटकों को होम स्टे का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां सामान्य कमरे का किराया भी सात से आठ हजार रुपये प्रतिदिन तक पहुंच गया है।

देव दीपावली को लेकर काशी के पर्यटन कारोबार में तेजी आई है। शहर के तारांकित होटलों से लेकर बजट होटल, लॉज और धर्मशालाओं तक में कमरे उपलब्ध नहीं हैं। कई महीने पहले ही एडवांस बुकिंग हो जाने के कारण आखिरी समय में आने वाले पर्यटकों को ठहरने के लिए विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं। गंगा घाटों का सीधा नजारा दिखाने वाले हेरिटेज और लग्जरी होटलों की मांग सबसे अधिक है। इन होटलों के प्रीमियम सुइट का किराया एक रात के लिए चार लाख रुपये तक पहुंच गया है। पर्यटक बालकनी से गंगा आरती और दीपों की जगमगाहट देखने के लिए इतनी बड़ी रकम खर्च कर रहे हैं। होटल में जगह नहीं मिलने के कारण पर्यटक होम स्टे और पेइंग गेस्ट की ओर रुख कर रहे हैं। सामान्य सुविधाओं वाले होम स्टे भी सात से आठ हजार रुपये प्रतिदिन की दर से बुक हो रहे हैं।

होटलों के साथ गंगा में क्रूज और नावों पर सवार होकर दीपोत्सव देखने के लिए भी पर्यटक बड़ी रकम खर्च कर रहे हैं। प्रमुख क्रूज की बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी है। लग्जरी क्रूज के विशेष पैकेज साढ़े तीन लाख रुपये तक पहुंच गए हैं। 60 सीटों वाले अलकनंदा क्रूज को एक विदेशी समूह ने पांच लाख रुपये में बुक किया है। वहीं, 100 सीटों वाले सैम मानिकशॉ क्रूज की बुकिंग 15 हजार रुपये प्रति यात्री की दर से हुई है। इस तरह पूरे क्रूज की बुकिंग करीब 15 लाख रुपये में हुई। क्रूज का सफर शाम 5ः30 बजे से रात 9ः30 बजे तक यानी अधिकतम चार घंटे का होगा।

टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता के मुताबिक, इस बार देव दीपावली पर होटल उद्योग, क्रूज, नाव और रेस्टोरेंट सहित पर्यटन से जुड़े कारोबार में 500 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से पर्यटन क्षेत्र के कारोबारियों को काफी उम्मीदें हैं। देव दीपावली पर गंगा में नावों और बजड़ों की मांग भी बढ़ गई है। पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए नाविकों को नाव की निर्धारित क्षमता से आधी सवारी ही बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। होटल और प्रमुख क्रूज की बुकिंग पूरी होने के बाद अब पर्यटकों के सामने बजड़े और अन्य नावों का विकल्प बचा है।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group