अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। वाराणसी। वाराणसी जिले के निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में मरीजों से दवाओं के नाम पर मनमानी कीमत वसूली जा रही है। पड़ताल में सामने आया कि करीब 25 फीसदी निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में दवाओं की एमआरपी और ट्रेड रेट के बीच बड़ा अंतर रखकर बिक्री की जा रही है। 30 रुपये का नेबुलाइजर 500 रुपये में और 87 रुपये का सिरप 200 रुपये में बेचा जा रहा है। दवा कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एमआरपी और ट्रेड रेट को लेकर सौदेबाजी की जा रही है। शनिवार को मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव बनकर पहुंची टीम की पड़ताल में अस्पतालों और नर्सिंग होम की यह स्थिति सामने आई। सबसे अधिक अनियमितताएं महिलाओं की डिलीवरी से जुड़े अस्पतालों में सामने आईं। कई जगहों पर महज पांच बाई पांच फीट के कमरे से दवाओं की बिक्री की जा रही है। कुछ अस्पतालों में कमरे के बाहर बनी खिड़की से ही मरीजों को दवाएं दी जा रही हैं। दवाएं देने वाले कई कर्मचारी फार्मासिस्ट भी नहीं हैं। इससे दवाओं के वितरण की व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 और इसके तहत बनाए गए नियमों के अनुसार दवाओं के वितरण के लिए निर्धारित मानकों का पालन जरूरी है। फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशंस, 2015 के तहत पंजीकृत फार्मासिस्ट की भूमिका महत्वपूर्ण है। फार्मासिस्ट को डॉक्टर के पर्चे की जांच कर दवाएं देनी होती हैं। इसके लिए सफेद एप्रन और नाम व पंजीकरण संख्या वाला बैज पहनने का भी प्रावधान है। दवा की खुदरा बिक्री के लिए न्यूनतम 10 वर्ग मीटर यानी करीब 108 वर्ग फुट कारपेट एरिया का मानक निर्धारित है। अस्पतालों में दवा बिक्री के लिए भी संबंधित लाइसेंस और नियमों का पालन जरूरी है। ऐसे में छोटे कमरों से दवाओं की बिक्री और गैर-पंजीकृत कर्मचारियों के जरिए दवा वितरण की शिकायतों की जांच जरूरी है। Post navigation अखिलेश यादव ने भाजपा पर कसा तंज करते हुए कहा कुछ लोग ऐसे होते हैं, जिनको अच्छी चीजे पसंद ही नहीं काशी में ठहरना हुआ शाही, गंगा किनारे सुइट 4 लाख, क्रूज पांच लाख तक