Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya extended heartfelt greetings to the people of the country and the state on the eve of Guru Purnima.Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya extended heartfelt greetings to the people of the country and the state on the eve of Guru Purnima.

अनिवार्य प्रश्न। संवाद।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरु पूर्णिमा के पावन एवं पुनीत अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ज्ञान-साधना का एक महान पर्व है, जो गुरु और शिष्य के पवित्र संबंध की गरिमा तथा भारतीय जीवन मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश देता है। मौर्य ने कहा कि गुरु केवल शिक्षा देने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह अपने ज्ञान, अनुभव, संस्कार और प्रेरणा से व्यक्ति के जीवन को नई दिशा प्रदान करता है। गुरु ही अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं तथा मनुष्य को सत्य, कर्तव्य, नैतिकता और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। गुरु का सान्निध्य व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण करता है और उसे जीवन में सफलता प्राप्त करने योग्य बनाता है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर के समान सम्मान दिया गया है। हमारे शास्त्रों में गुरु को ब्रह्मा, विष्णु और महेश के स्वरूप के रूप में वर्णित किया गया है। गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समर्पण की भावना ही हमारी सांस्कृतिक विरासत की सबसे बड़ी शक्ति है। गुरु पूर्णिमा का पर्व हमें अपने जीवन में ज्ञान, अनुशासन, सेवा, विनम्रता और सदाचार जैसे मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षकों, आचार्यों, आध्यात्मिक गुरुओं, माता-पिता एवं उन सभी व्यक्तित्वों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की आवश्यकता है, जिन्होंने अपने मार्गदर्शन से समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गुरु का आशीर्वाद ही समाज को सशक्त, शिक्षित, संस्कारित और आत्मनिर्भर बनाने की सबसे बड़ी शक्ति है।

मौर्य ने कहा कि ज्ञान और बुद्धिमत्ता को भारतीय समाज में सदैव सर्वाेच्च स्थान प्राप्त रहा है। गुरु की शिक्षा व्यक्ति को केवल सफल ही नहीं बनाती, बल्कि उसे एक जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित व्यक्तित्व के रूप में भी स्थापित करती है। उप मुख्यमंत्री ने भगवान वेदव्यास सहित समस्त गुरु परंपरा का स्मरण करते हुए प्रार्थना की कि गुरुजनों का आशीर्वाद देश एवं उत्तर प्रदेश को निरंतर विकास, समृद्धि, शांति और नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर करे। उन्होंने सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए पुनः गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group