अनिवार्य प्रश्न। संवाद। प्रयागराज-लखनऊ। जिला पंचायत सभागार, प्रयागराज में आज आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को योजना का लाभ प्रदान किए जाने की महत्वपूर्ण पहल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर योजना के लाभार्थियों को प्रतीक स्वरूप डमी कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल एवं श्रीमती निर्मला पासवान, सांसद प्रवीण पटेल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य एवं दीपक पटेल, महापौर गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी. के. सिंह, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य, सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं अनेक प्रतिष्ठित नागरिक गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।मौर्य जी ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा योजना के दायरे का विस्तार करते हुए अब प्रधानाचार्यों, शिक्षकों के साथ-साथ रसोइयों को भी इस योजना में सम्मिलित किया गया है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों एवं उनके परिवारों को सूचीबद्ध अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का कैशलेस एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। यह योजना शिक्षा विभाग से जुड़े लाखों परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी कदम है।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अपने परिश्रम, कौशल और आत्मनिर्भरता के माध्यम से समाज एवं प्रदेश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदर्शनी में शामिल महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उत्पादों की गुणवत्ता और नवाचार की प्रशंसा की तथा उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना की। प्रदर्शनी में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प सामग्री, खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उत्पाद तथा अन्य उपयोगी वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया, जिन्हें उप मुख्यमंत्री ने विशेष रुचि के साथ देखा।इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रत्येक वर्ग के हितों के प्रति पूर्णतः संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षक, कर्मचारी, अधिकारी, निगम अथवा किसी भी विभाग से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि कोई भी कर्मचारी अथवा उसका परिवार आर्थिक अभाव के कारण बेहतर चिकित्सा से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना इसी संकल्प को साकार करने का माध्यम है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में प्रदेश निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक जीवन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने योजना के विस्तार पर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा परिवार के लिए अत्यंत लाभकारी एवं सराहनीय निर्णय बताया। Post navigation उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ में महिला छात्रावास का किया शिलान्यास उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया जनता दर्शन, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश