Farmers march to Delhi for Mahapanchayat; Shambhu border sealed.Farmers march to Delhi for Mahapanchayat; Shambhu border sealed.

अनिवार्य प्रश्न। संवाद।

नई दिल्ली। किसान नेता सरवन सिंह पंढेर को शंभू सीमा पर रोके जाने पर उन्होंने कहा, श्हमारा बैरिकेड तोड़ने या किसी प्रकार का संघर्ष पैदा करने का कोई इरादा नहीं है, हम चाहते हैं कि गुरनाम सिंह चदुनी सहित गिरफ्तार किसानों को रिहा किया जाए और सरकार हमसे बातचीत करे। पंजाब और हरियाणा के किसानों के दिल्ली कूच के एलान को लेकर मंगलवार को सोनीपत जिला पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने हल्दाना बॉर्डर से लेकर भिगान टोल प्लाजा और कुंडली बॉर्डर तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर हर छोटे-बड़े वाहन की सघन जांच की जा रही है, जबकि भिगान क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा के तौर पर सडक़ किनारे पत्थर भी रखवाए गए हैं।

किसान संगठनों ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली कूच का आह्वान किया है। इसके मद्देनजर सोनीपत पुलिस पूरी तरह सतर्क है। दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के निर्देश पर बिना जांच किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया जा रहा। पुलिस को आशंका है कि गन्नौर और गोहाना क्षेत्र से भी किसान जत्थों के रूप में दिल्ली की ओर रवाना हो सकते हैं। इसी को देखते हुए इन इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है, जबकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों की आवाजाही को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखना है।

मंगलवार को किसानों के दिल्ली पहुंचने को लेकर यूपी पुलिस अलर्ट मोड पर है। सोमवार देर रात से ही पुलिस ने यूपी गेट, सीमा बॉर्डर, दिल्ली-यूपी अप्सरा बॉर्डर, समेत कई स्थानों पर कड़ी चेकिंग शुरू कर दी थी। वहीं, मंगलवार सुबह तड़के से गाजियाबाद के इंदिरापुरम, खोड़ा, साहिबाबाद, शालीमार गार्डन, टीलामोड समेत कई थानों की पुलिस ने बॉर्डर सील कर दिए। इस दौरान कई इलाकों में भारी जाम की समस्या भी बनी हुई है। प्रभारी डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि चेकिंग के बाद वाहनों को दिल्ली की तरफ भेजा जा रहा है। ट्रेड डील के विरोध में आज दिल्ली कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में रोक लिया। अंबाला व पंजाब की ओर से आ रहे किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने भारी बंदोबस्त किए हैं। जहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है तो वहीं बेरीकेडिग भी की गई है। हर हालत से निपटने के लिए तैयारी में पुलिस ने किसानों के वाहनों को रोक दिया है। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने रेट से भरे डंपर भी हाईवे पर लगा दिए हैं। सैकड़ों की संख्या में किसान नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं जिला के अन्य क्षेत्रों से किसान दिल्ली की ओर कूच कर गए हैं। भारत-अमेरिका समझौते को रद्द करने की मांग को लेकर दिल्ली कूच कर रहे भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के किसानों को मंगलवार सुबह बहादुरगढ़ के पास अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर) पर दिल्ली पुलिस ने रोक दिया। किसानों की करीब पांच बसों को दिल्ली की ओर बढ़ने नहीं दिया गया, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8ः15 बजे पंजाब के पटियाला सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों किसान बसों में सवार होकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोकने पर किसानों ने इसका विरोध किया और बहादुरगढ़ बाईपास के पास यूईआर पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसान नेताओं का कहना है कि वे भारत-अमेरिका समझौते के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली कूच कर रहे थे, लेकिन उन्हें दिल्ली में प्रवेश से पहले ही रोक दिया गया। किसानों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध दर्ज कराया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसानों से बातचीत कर जाम खुलवाने के प्रयास शुरू किए। समाचार लिखे जाने तक किसान मौके पर डटे हुए थे और प्रशासन के साथ वार्ता जारी थी।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group