Igniting the spirit of greenery, people wrote a new chapter in nature conservation by planting saplings at Buddha Park.Igniting the spirit of greenery, people wrote a new chapter in nature conservation by planting saplings at Buddha Park.

अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।

चकिया-चंदौली। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित दस दिवसीय महा पौधरोपण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के सातवें दिन बुधवार को चकिया विकासखंड के मुजफ्फरपुर स्थित बुद्ध पार्क के समीप पोखरे के किनारे चकिया रेंज, काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर के सहयोग से व्यापक पौधरोपण किया गया। इस दौरान आम, आंवला, बेल, जामुन, अमरूद, सागौन समेत अनेक फलदार एवं छायादार पौधे रोपित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी चौबे, पर्यावरण प्रेमी एवं समाजसेविका अर्चना तथा ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ सिंह यादव ने पौधे लगाकर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए समाजसेविका अर्चना ने कहा कि प्रकृति से जुड़ाव ही स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि मैंने 18 बिगहे में वर्षों पहले लगाए गए हजारों पौधे आज लोगों को फल, छाया और स्वच्छ हवा उपलब्ध करा रहे हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लेना चाहिए। ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ सिंह यादव ने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पौधरोपण के साथ उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएं। वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी चौबे ने कहा कि वन विभाग का उद्देश्य केवल जंगलों का विस्तार करना नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना भी है। जब सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिक इस तरह आगे आते हैं तो हरित अभियान को नई ताकत मिलती है। पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन के प्रबंधक प्रशांत कुमार ने कहा कि फाउंडेशन का प्रयास लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए हर गांव और हर मोहल्ले तक पौधरोपण अभियान पहुंचाना है। जनसहयोग और वन विभाग के मार्गदर्शन से यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है तथा आगामी दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में डिप्टी रेंजर आनंद दूबे, उपाध्यक्ष शीतला केशरी, भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अशोक द्विवेदी, पत्रकार अरुण कुमार, उमेश, दिवाकर, चंद यादव, वन दरोगा राम आशीष, वन दरोगा अमित यादव, वन रक्षक शिवबक्स, आदित्य सिंह, अमित सिंह, मोहम्मद आजाद, के छात्र हर्ष वर्मा, कोषाध्यक्ष अमरदीप गुप्ता, सौरभ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों और पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन के सदस्यों ने पौधरोपण कर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group