अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के वरुणा जोन अंतर्गत थाना सारनाथ पुलिस एवं एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण कर एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली एवं सफेद धातु के बिस्किट, एक डीएसएलआर कैमरा तथा 67 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान चित्रांश खरवार उर्फ चीकू पुत्र बृजेश खरवार, निवासी रसूलगढ़ पंचकोशी, थाना सारनाथ के रूप में हुई है। उसे 9 जुलाई 2026 को तड़के करीब 12- 45 बजे थाना सारनाथ क्षेत्र के फरीदपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त सारनाथ थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के तीन मुकदमों में वांछित था। इन मामलों में घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, कैमरा एवं अन्य कीमती सामान चोरी किए गए थे। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से लगभग 110.5 ग्राम पीली धातु का बिस्किट, करीब 643 ग्राम सफेद धातु का बिस्किट, एक डीएसएलआर कैमरा तथा 67 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध वाराणसी के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी एवं अन्य आपराधिक धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में थाना सारनाथ प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह, उपनिरीक्षक अनुज कुमार सहित थाना सारनाथ की टीम तथा एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह के नेतृत्व में एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। Post navigation मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेश चिकित्सा योजना का शुभारंभ, शिक्षकों को 5 लाख तक मुफ्त इलाज मानसून सत्र में सरकार और सांसदों से संवाद करेंगे कुली