अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। गलत सूचना देने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा-31 के तहत कार्रवाई की जा सकती है-जिलाधिकारी वाराणसी। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। जिसमें 01 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की गई। इस दौरान राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने और छूटे हुए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग की अपील की गई। बैठक में बताया गया कि 17 नवंबर से 23 नवंबर 2026 तक प्राप्त फॉर्म-6, 7 और 8 की विधानसभा क्षेत्रवार संख्या राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। साथ ही 17 नवंबर से 23 नवंबर तक प्राप्त फॉर्म-6, 7 और 8 के संकलन तथा फॉर्म-9, 10, 11, 11ए एवं 11बी की प्रतियां संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई हैं। इनका विवरण निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जा रहा है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को प्रत्येक बूथ पर बीएलओ की तैनाती सुनिश्चित कर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। राजनीतिक दलों से इन तिथियों पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा मतदाताओं को जागरूक करने का अनुरोध किया गया। बैठक में निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा क्षेत्रवार प्राप्त फॉर्म-6 की स्थिति की समीक्षा की गई। शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में 27 बूथों पर, अजगरा में 115, शिवपुर में 41, रोहनिया में 111, वाराणसी उत्तरी में 43, वाराणसी दक्षिणी में 7, वाराणसी कैंट में 8 तथा सेवापुरी में 21 बूथों पर अभी तक कोई फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है। संबंधित अधिकारियों को इन बूथों पर विशेष ध्यान देते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यह भी बताया गया कि बूथ लेवल एजेंट एक बार में अधिकतम 10 फॉर्म और पुनरीक्षण अवधि में कुल 30 फॉर्म आवश्यक घोषणा पत्र के साथ जमा कर सकते हैं। फॉर्म-6 भरते समय मतदाता का क्रमांक, एपिक नंबर तथा सूचना का स्रोत दर्ज करना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने बताया कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले अथवा कर चुके ऐसे युवा, जिनका नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 तथा नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जा सकता है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 के साथ आयु एवं निवास संबंधी साक्ष्य और हालिया पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो देना आवश्यक है। मतदाता सूची में पहले से दर्ज किसी प्रविष्टि में फोटो बदलवाने के लिए भी फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सभी राजनीतिक दलों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने तथा 28 और 29 नवंबर को बूथों पर विशेष कैंप के दौरान अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने की अपील की। बैठक में समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार सहित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। Post navigation 23 नवंबर को वाराणसी कोषागार परिसर में लगेगा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट मेगा कैंप, पेंशनरों को मिलेगी सुविधा देव दीपावली पर्व पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक-ऑडियो टूर की शुरुआत की