Prime Minister Modi inaugurates the redeveloped Aishbagh Junction; the station has become world-class at a cost of ₹24.13 crore.Prime Minister Modi inaugurates the redeveloped Aishbagh Junction; the station has become world-class at a cost of ₹24.13 crore.

अनिवार्य प्रश्न। संवाद।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ ऐशबाग स्टेशन, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रहे मौजूद

गोरखपुर/लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इसी क्रम में पूर्वाेत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल स्थित ऐशबाग जंक्शन रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया। जालंधर से आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिमोट बटन दबाकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ किया।

ऐशबाग जंक्शन पर आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद संजय सेठ, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल एवं मुकेश शर्मा, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा बिष्ट यादव, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि लगभग 24.13 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है, जिससे हजारों यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।

पुनर्विकसित ऐशबाग स्टेशन पर आधुनिक वेटिंग हॉल, शिशु आहार कक्ष, उन्नत पार्किंग, एलईडी साइनेज, आधुनिक प्रसाधन, हरित पार्क, सोलर पैनल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। स्टेशन पर 26 नए शेल्टर, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया तथा दोनों प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा के लिए ‘काऊ कैचर’ भी लगाए गए हैं।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की विशेषताओं की भी जानकारी दी तथा प्रतियोगिताओं में विजेता छात्रों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार सितंबर 2026 से स्टेशन पर 6 मीटर चौड़े नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी शुरू होगा, जिसके बाद सभी प्लेटफॉर्मों पर लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह परियोजना ऐशबाग जंक्शन को आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल रेलवे स्टेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group