अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। वाराणसी। मंडलायुक्त एस राजलिंगम की अध्यक्षता में वाराणसी मंडल क्षेत्र में आपदा प्रबंधन एवं संभावित बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मंडलायुक्त ने बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, नावों एवं राहत सामग्री की उपलब्धता, बाढ़ चौकियों की सक्रियता, तटबंधों की नियमित निगरानी तथा आपातकालीन संचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष बल दिया। मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं तथा आमजन को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जलस्तर एवं मौसम की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए। मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि बाढ़ के दौरान प्रभावित क्षेत्रों तथा चौकियों पर खाने – पीने की वस्तुओं को तत्काल प्रभाव से उपलब्ध कराएं तथा गोवंश की सुरक्षित व्यवस्था हेतु अभी से प्लान तैयार करें। पशुओं के टीकाकरण नियमित रूप से होता रहे, उचित साफ – सफाई की भी व्यवस्था हो जिससे किसी बीमारी को फैलने से रोका जा सके। बाढ़ चौकियों में सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो। मेडिकल टीम, पुलिस गश्त, लेखपाल की मौजूदगी तथा महिला स्टाफ की तैनाती रोस्टर वाईज होती रहनी चाहिए, इसमें कोई कोताही नहीं होने पाए। गुणवत्ता की चेकिंग हेतु टीम लगातार कार्य करते रहे। बच्चों हेतु दूध की पर्याप्त व्यवस्था के साथ चना व गुड़ की उचित मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित हो। सभी बुनियादी सुविधाओं के साथ समय से लोगों को भोजन उपलब्ध होने पाए इसको भी सुनिश्चित किया जाए। सोलर लाइट की भी पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एडीएम एफआर वाराणसी सदानंद गुप्ता व जौनपुर ने भी अपने जिलों की तैयारियों को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से बताते हुए बताया कि बाढ़ की संभावना के दृष्टिगत सभी तैयारियों को कर लिया गया है। समीक्षा बैठक में वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जुड़े जिलाधिकारी चंदौली चन्द्रमोहन गर्ग द्वारा बताया गया कि बाढ़ संभावित गांवों की पहचान कर ली गयी है तथा लोकल नाव संचालकों से वार्ता करते हुए नावों की व्यवस्था कर ली गई है। पिछले वर्ष 41 बाढ़ चौकियों को बनाया गया था जिसमें 16 क्रियाशील हुई थीं तथा 215 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए थे, जिसको देखते हुए सभी उचित व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। जिलाधिकारी गाजीपुर अनुपम शुक्ला द्वारा बताया गया कि पिछले वर्ष 161 गांव बाढ़ से प्रभावित थे जिसमें 27 गांव कटऑफ की श्रेणी में आते हैं जिसको देखते हुए इस वर्ष सभी टेंडर कर लिये गये हैं, 1200 लाइफ़ जैकेट वितरित किया गया है तथा 228 नावों की व्यवस्था की गई है। जिले में सिंचाई विभाग की 6 परियोजनाएं गतिमान थीं जिनको पूरा करा लिया गया है। नियमित टीकाकरण लगातार चल रहा है। बैठक में विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई तथा सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहानि एवं संपत्ति की क्षति को न्यूनतम रखने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। Post navigation जीवनदीप में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई गई शपथ मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर लमही में जिलाधिकारी ने उनके पैतृक स्थल पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की