अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। आजादी के बाद भी विकास की बाट जोह रहा बनरसिया गांव, सड़क, नाली, अस्पताल समेत मूलभूत सुविधाओं की मांग चंदौली। शहाबगंज विकासखंड चकिया के बनरसिया गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर गांव की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने सड़क, नाली, अस्पताल समेत आधा दर्जन से अधिक मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि आजादी के बाद से अब तक गांव में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो सके हैं, जिससे लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि गांव की कई सड़कें बदहाल हैं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दिनों में रास्तों पर जलभराव की स्थिति बन जाती है। ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल की व्यवस्था, नालियों का निर्माण, क्षतिग्रस्त रास्तों की मरम्मत और नए मार्गों के निर्माण समेत अन्य मांगें जिलाधिकारी के सामने रखीं। आजादी के बाद से अब तक नहीं पहुंचा प्रशासनिक अमलाग्रामीणों ने कहा कि गांव की समस्याओं को लेकर अब तक किसी बड़े अधिकारी ने गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं जानने की पहल नहीं की। गांव में प्रशासन की ओर से चौपाल लगाकर समस्याओं की सुनवाई भी नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार समस्याओं के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से गांव का स्थलीय निरीक्षण नहीं किया गया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गांव का स्थलीय निरीक्षण कराकर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की। पत्रक लेने के बाद जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर भेजकर गांव की समस्याओं का निरीक्षण कराया जाएगा। इसके साथ ही सड़क की मरम्मत और आवश्यकतानुसार निर्माण कार्य कराने की कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान कृष्णानंद पांडेय, कार्तिकेय पांडेय, कमलेश पांडेय, सर्वजीत यादव, धनंजय तिवारी, कमलेश शर्मा, उमाकांत पाण्डेय, वासुदेव राम, नीर निधि पाण्डेय, सोनू पाण्डेय, रामदुलार, शंकर, संतलाल, दयाराम, राजू राम, अनिल कुमार शर्मा समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। Post navigation इंडिया एनर्जी वीक 2027 का कर्टन रेज़र कोलकाता में आयोजित; पाँचवाँ संस्करण भी कोलकाता में होगा जनता दर्शन – अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति समस्या के समाधान हेतु प्रतिबद्ध – केशव प्रसाद मौर्य