अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। देव दीपावली के दृष्टिगत नमों घाट पर विशेष प्रबंध किए जाने हेतु दिए निर्देश वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने ए०डी०जी नवीन अरोरा व अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा के साथ लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा तथा आगामी गंगा महोत्सव व देव दीपावली की तैयारियों के संबंध में शनिवार को एनडीआरएफ/जल पुलिस के मोटर बोट से नमों घाट से अस्सी घाट सहित अन्य घाटों का निरीक्षण किया तथा तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिये। इसके अलावा गंगा महोत्सव, देव दीपावली एवं काशी तमिल संगम की तैयारियों के लिए नमो घाट पर वीवीआईपी और आम लोगों की व्यवस्था, जरूरी स्थानों पर बैरिकेडिंग, स्मार्ट लाइटिंग, फ्लोरल डेकोरेशन, मंच व सेफ हाउस, आरती वाले स्थान, रूट चार्ट व यातायात व्यवस्था, एक्सेस कंट्रोल आदि के बाबत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अपर नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि सभी घाटों पर साफ-सफाई के साथ-साथ प्रकाश का समुचित प्रबंध अनिवार्य रूप से कराया जाएं। घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल के प्रबंध हेतु भी उन्होंने निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए, जिससे छठ महापर्व के उपासकों को अपने व्रत, पूजा एवं अर्घ्य की प्रक्रिया और पवित्रता में कोई व्यवधान न उत्पन्न हो। अस्सी घाट के निरीक्षण में महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम,साफ़ सफाई व लाइटिंग सहित अन्य व्यवस्थाएँ पर्याप्त मिली। उन्होंने नगर निगम को गंदगी को रेगुलर बेसिस पर साफ कराने, साफ-सफाई हेतु लगातार स्वच्छता अभियान चलाने तथा सभी स्ट्रीट लाइटों को चेक कराने तथा कोई गड़बड़ी हो तो उसको तुरंत सही कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से मनाने के संबन्ध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने छठ पूजा स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में लाइटें, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, खोया पाया केंद्र, गहरे पानी से बचाव हेतु बैरिकेडिंग आवश्यकतानुसार कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि छठ पूजा स्थलों पर आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की अलग से व्यवस्था कराने को निर्देशित किया जिससे वाहनों की वजह से लगने वाले जाम पर लगाम लग सके। उन्होंने कहा कि छठ पूजा स्थलों पर आने-जाने का रास्ता स्पष्ट होना चाहिए इसके लिए आवश्यकतानुसार संकेतक लगाये जायें। जनपद के अन्य तालाबों, पोखरों एवं घाटों पर सफाई के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिये गये हैं। आगामी गंगा महोत्सव और देव दीपावली के दृष्टिगत का नमों घाट का स्थलीय निरीक्षण करते हुए देव दीपावली के दौरान नावों के लिए कई बोर्डिंग पॉइंट बनाने को निर्देशित किया। नमो घाट पर देव दीपावली के लिए विशेष प्रकाश व्यवस्था करने, सांस्कृतिक कार्यक्रमों हेतु मंच बनाने एवं बैठने की व्यवस्था, आने वाले गणमान्य व्यक्तियों के लिए दीये जलाने की व्यवस्था करने का भी निर्देश अधीनस्थों को दिये। उन्होंने सेफ हाउस, मैट बिछाने, चेयर लगाने, पार्किंग व्यवस्था, स्टेज, टेंट, मेहमानों के लिए वॉशरूम आदि की व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने लोक महापर्व छठ के उपरांत सभी जिम्मेदार अधिकारियों को देव दीपावली की तैयारियों में जुटने को निर्देशित किया। उन्होंने संयुक्त निदेशक पर्यटन को गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियाँ अभी से शुरू कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एडीएम (एफआर) सदानंद गुप्ता, एडीएम सिटी राजेश कुमार, अपर नगर आयुक्त, संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार तथा पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। Post navigation छठ महापर्व पर शास्त्री घाट में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया उद्घाटन जनगणना 2027: उत्तर प्रदेश में स्व-गणना 16 नवम्बर से प्रारम्भ