अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। वाराणसी। मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को एमबीएस कॉन्वेंट स्कूल में छात्राओं और महिलाओं को साइबर अपराध व महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक संजना सिंह के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल स्नेहा पांडेय और अंजली सोनकर ने छात्राओं को साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए और किसी भी तरह के अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया। जागरूकता कार्यक्रम में सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, साइबर ठगी से सावधानी और संदिग्ध लिंक, कॉल अथवा संदेश से सतर्क रहने की जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत या बैंकिंग संबंधी जानकारी, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें।महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी। बताया गया कि आपात स्थिति में 112, महिला संबंधी सहायता के लिए 181, वूमेन पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क किया जा सकता है।छात्राओं को बताया गया कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध अथवा किसी अन्य समस्या की स्थिति में डरने की जरूरत नहीं है। तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देकर पुलिस की सहायता ली जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा अपराध के खिलाफ बिना भय के आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। Post navigation जाति नहीं, मुद्दों पर करें वोट… नितिन गडकरी गोवंश आश्रय स्थलों में पशुओं को हरे चारे, पानी, भूसा आदि की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित हो- सत्येंद्र कुमार