PIB’s ‘Vartalaap’ media workshop organized for journalists in Chandauli.PIB’s ‘Vartalaap’ media workshop organized for journalists in Chandauli.

अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।

पिछले 12 वर्षों में भारत की विकास यात्रा रही है अभूतपूर्व, विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा देश……रमेश जायसवाल

चंदौली। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), वाराणसी द्वारा चंदौली जनपद के पत्रकारों के लिए मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, चंदौली में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य मीडिया और सरकार के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ पत्रकारों को फेक न्यूज एवं भ्रामक सूचनाओं की पहचान, फैक्ट-चेकिंग और डिजिटल टूल्स के प्रभावी उपयोग के संबंध में जागरूक करना था। इस दौरान केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं तथा पिछले 12 वर्षों की विकास यात्रा और उपलब्धियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री रमेश जायसवाल, विधायक, मुगलसराय (पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर), चंदौली ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दृढ़ संकल्प का परिणाम है कि देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है तथा वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति और प्रतिष्ठा सुदृढ़ हुई है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने आर्थिक विकास के साथ-साथ निर्यात के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री की कर्मठता से देश के नागरिकों के जीवन में व्यापक सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के प्रधानमंत्री के लक्ष्य की सराहना करते हुए इसे दूरदर्शी और अद्वितीय पहल बताया।

जायसवाल ने पत्रकारों का आह्वान किया कि वे अपनी लेखनी के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों की सही एवं तथ्यपरक जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि ‘वार्तालाप’ जैसे कार्यक्रम सरकार और मीडिया के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिनसे जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए पीआईबी की सराहना की।

कार्यशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चंदौली, डॉ. पारितोष मिश्रा ने तंबाकू एवं धूम्रपान से होने वाले दुष्प्रभावों और स्वास्थ्य पर इनके गंभीर प्रभावों के बारे में पत्रकारों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। उन्होंने नशे से दूर रहने और जनजागरूकता बढ़ाने में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. बाला लखेंद्र ने फैक्ट-चेकिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पत्रकारों से पीआईबी के फैक्ट-चेक से जुड़ने और तथ्यपरक पत्रकारिता को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सूचनाओं की तेज गति के साथ गलत और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार भी एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में पत्रकारों के लिए किसी भी सूचना को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि करना आवश्यक है। उन्होंने भारत सरकार के नशामुक्ति अभियान और सामाजिक जागरूकता में मीडिया की भूमिका पर भी चर्चा की।

एस.आर.वी.सी. स्कूल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की प्राचार्या श्रीमती नीलांजना चक्रवर्ती ने शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों और शिक्षा के माध्यम से समाज के समग्र विकास पर अपने विचार रखे। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों में जागरूकता और बदलते डिजिटल परिवेश में शिक्षा की भूमिका को रेखांकित किया।

कार्यशाला के संयोजक दिलीप कुमार शुक्ल, निदेशक, पत्र सूचना कार्यालय, भारत सरकार ने ‘वार्तालाप’ को मीडिया और सरकार के बीच संवाद का एक सशक्त मंच बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पत्रकारों और सरकारी तंत्र के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, केंद्र सरकार की योजनाओं एवं नीतियों की तथ्यपरक जानकारी मीडिया तक पहुंचाना तथा भ्रामक सूचनाओं से निपटने के लिए पत्रकारों को आवश्यक जानकारी एवं संसाधनों से परिचित कराना है।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि, सभी अतिथि वक्ताओं तथा चंदौली के पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यशाला के दौरान पत्रकारों के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद एवं चर्चा भी हुई तथा उन्हें फैक्ट-चेकिंग, डिजिटल मीडिया टूल्स और विश्वसनीय सूचना स्रोतों के उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group