अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। पिंडरा वाराणसी । पिंडरा पंचायत क्षेत्र के प्रमुख बाजार में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। बाजार में कदम रखते ही पश्चिमी छोर पर सड़क किनारे फैली गंदगी साफ दिखने लगती है। हालत इतनी खराब है कि लोग नाक पर रूमाल रखकर गुजरते हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के ठीक सामने की है, जहां कूड़े-कचरे का ढेर जमा है। गेट के बाहर ही कूड़ा डंप करने की परंपरा सी बन गई है, जिससे बदबू और गंदगी से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाईकर्मी केवल औपचारिकता निभा रहे हैं। कूड़ा उठाने की कोई नियमित व्यवस्था नहीं है और न ही इसका समुचित निष्पादन हो रहा है। परिणामस्वरूप पूरे बाजार क्षेत्र में मच्छरों का जमावड़ा है, जो डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ा रहा है। जनता का कहना है कि प्रशासन और पंचायत की उदासीनता इस बदहाली के लिए जिम्मेदार है। इलाज के लिए आने वालों के सामने इस तरह की गंदगी न केवल शासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि लोगों की सेहत के साथ भी सीधा खिलवाड़ है। ग्रामीणों ने जल्द सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की है। Post navigation पिंडरा में सपा कार्यकर्ताओं ने मनाया फूलन देवी का परिनिर्वाण दिवस यूपी के बागपत में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 50 हजार का इनामी बदमाश विपुल मुठभेड़ में ढेर