Shreya Upadhyay Murder Case: Vivek Chaubey was upset over the marriage being finalized; prime accused arrested in police encounter.Shreya Upadhyay Murder Case: Vivek Chaubey was upset over the marriage being finalized; prime accused arrested in police encounter.

अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।

वाराणसी। वाराणसी में राजातालाब थाना क्षेत्र के चर्चित श्रेया उपाध्याय हत्याकांड के मुख्य आरोपी विवेक चौबे को पुलिस ने जगतदेवपुर के पास मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी है, जिससे वह घायल हो गया। उसके पास से एक अवैध देशी तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी विवेक चौबे उर्फ निखिल ने खुलासा किया कि श्रेया उपाध्याय की शादी कहीं और तय हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने साथी पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर 18 अगस्त 2026 को श्रेया की हत्या कर दी थी। 20 अगस्त को श्रेया का शव रोहनिया क्षेत्र के बच्छाव पश्चिमपुरा में मिला था।

पुलिस उपायुक्त नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र के निर्देशों पर गठित पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। 7 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर राजातालाब पुलिस टीम ने जगतदेवपुर के पास चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखकर आरोपी पैदल भागने लगा और टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में विवेक चौबे घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी भेजा गया है।

मामले में पुलिस पहले ही 24 अगस्त को सह आरोपी पुनीत मिश्रा को मुठभेड़ के बाद और 27 अगस्त को रामसहाय चौबे को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार विवेक चौबे निवासी नियार डीह, थाना चोलापुर है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में राजातालाब थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group