अनिवार्य प्रश्न। संवाद। लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज के. डी. सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा आयोजित विभिन्न ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों से भेंट की तथा उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज खेलों के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है और डबल इंजन सरकार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण, खेल अवसंरचना तथा अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उप मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि आज का भारत विश्व मंच पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहा है। भारतीय खिलाड़ी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं और उत्तर प्रदेश के युवा भी अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं कठोर परिश्रम के बल पर लगातार नई उपलब्धियां अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो जैसे खेल युवाओं में आत्मविश्वास, आत्मरक्षा, अनुशासन, साहस और मानसिक दृढ़ता का विकास करते हैं तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में डबल इंजन सरकार खेलों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं की खेल प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से देश एवं प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना का तेजी से विकास किया जा रहा है, आधुनिक स्टेडियमों का निर्माण, प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार, खेल अकादमियों को सुदृढ़ करना तथा खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। प्रदेश में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन, ग्रामीण क्षेत्रों तक खेल गतिविधियों का विस्तार, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, प्रशिक्षण एवं सम्मान प्रदान करने की प्रभावी व्यवस्था विकसित की गई है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को उसकी क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सके। उन्होंने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और अनुशासन के साथ निरंतर अभ्यास करें तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत और उत्तर प्रदेश को वैश्विक खेल मंच पर नई पहचान दिलाएं। उप मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों के योगदान की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में उनके मार्गदर्शन और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू एसोसिएशन परिवार के पदाधिकारीगण, प्रशिक्षकगण, विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ी, अभिभावक तथा अन्य प्रतिष्ठितजन गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम के सहभागी बने। Post navigation महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में आगामी अभियानों एवं कार्यक्रमों को लेकर गुलाब बाग कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक 7 वर्षीय अन्या रिजवान की कथित चिकित्सीय लापरवाही से मृत्यु के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान, निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश