अनिवार्य प्रश्न। ब्युरो संवाद। सेवापुरी की 21 ग्राम पंचायतों के साथ चिलबिला और रामगढ़वा को मिला दर्जा, नमो घाट पर निकला कैंडल मार्च वाराणसी। बाल विवाह और जबरन विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने के लिए शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत जनपद के सभी आठ विकासखंडों और शहरी क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान सेवापुरी की 21 ग्राम पंचायतों के साथ बड़ागांव के चिलबिला और चिरईगांव के रामगढ़वा को बाल विवाह मुक्त घोषित किया गया। वहीं, नमो घाट पर कैंडल मार्च और जागरूकता रैली निकालकर लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया गया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश और जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार के नेतृत्व में महिला कल्याण विभाग की ओर से स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से अभियान चलाया गया। ग्राम पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बच्चों के अधिकारों, बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई। सेवापुरी ब्लॉक सभागार में खंड विकास अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय बाल विवाह टास्क फोर्स और बाल संरक्षण समिति की बैठक हुई। इसमें ग्राम पंचायत सचिवों और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों की जिम्मेदारियों, कानूनी प्रावधानों और संभावित बाल विवाह की सूचना मिलने पर कार्रवाई की प्रक्रिया बताई गई। सामुदायिक सहभागिता और निर्धारित मानकों के आधार पर ब्लॉक की 21 ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त घोषित किया गया। बड़ागांव के चिलबिला और चिरईगांव के रामगढ़वा में भी जागरूकता कार्यक्रमों के बाद दोनों गांवों को बाल विवाह मुक्त घोषित किया गया। हरहुआ के राजकीय हाईस्कूल चक्का, पिंडरा के ग्राम नहिया और राजकीय हाईस्कूल चितईपुर, चोलापुर के आदर्श राष्ट्रीय कॉलेज तथा टिकरी स्थित लोकबंधु राजनारायण महाविद्यालय में विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। काशी विद्यापीठ ब्लॉक सभागार में भी ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए कार्ययोजना पर चर्चा हुई। शिक्षा विभाग की ओर से प्रसाद इंटर कॉलेज हसनपुर, बड़ागांव के अन्य विद्यालयों और राजकीय हाईस्कूल बौलिया में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। शाम पांच बजे नमो घाट पर कैंडल मार्च और जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें महिला कल्याण विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, वन स्टॉप सेंटर और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। लोगों को बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा बाल विवाह की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई। महिला कल्याण विभाग की नोडल अधिकारी निरुपमा सिंह ने बताया कि निरंतर जागरूकता, निगरानी और सामुदायिक सहभागिता से बाल विवाह के मामलों में कमी आई है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह या बच्चों से संबंधित किसी भी संकट की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और पुलिस आपातकालीन सेवा 112 पर दी जा सकती है। अभियान के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और मिशन शक्ति के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। Post navigation सरकार की तैयारी 15 दिसंबर से पहले बुलाया जा सकता है संसद सत्र, पीएम की सलाह- मंत्री विदेश यात्रा करने से बचें काशी तमिल संगमम् उत्तर-दक्षिण की सांस्कृतिक एकता के वाहक छात्र प्रतिनिधि समूह का काशी में हुआ भव्य स्वागत