Assam floods: Amit Shah speaks to CM Himanta Biswa Sarma, assures all possible help

असम बाढ़ अमित शाह ने सीएम हिमंत बिस्व सरमा से बात की, हर संभव सहायता का दिया आश्वासन


अनिवार्य प्रश्न। संवाद।


असम। असम में भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ से स्थिति काफी खराब हो गई है। राज्य की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से बातचीत कर उन्हें हर संभव मदद करने की बात कही है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमित शाह ने लिखा – भारी बारिश के कारण असम में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। मौजूदा स्थिति के बारे में असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिसवा से बात की। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं, राहत प्रदान कर रहे हैं और पीड़ितों को बचा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं और इस चुनौतीपूर्ण समय में राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की जानकारी के अनुसार, राज्य के 30 जिलों के 3,518 गांव पानी में डूबे हुए हैं। राज्य में 24.2 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। लगभग 63,000 हेक्टेयर कृषि भूमि बाढ़ की जद में आ गई है। असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़ कर 52 हो गई है। 612 बाढ़ शिविरों में 47 हजार से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं। वहीं, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के अंदर बाढ़ के पानी में डूबने और इलाज के दौरान कुल 92 जंगली जानवरों की मौत हो गई । 95 जानवरों को बचा लिया गया है। आईएमडी के पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले 5 दिन तक राज्य के अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है ।