अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार से बढ़ेंगी रोजगार की संभावनाएं – प्रवीण प्रकाश वाराणसी। पूर्व आईएएस अधिकारी प्रवीण प्रकाश ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों को सशक्त बनाने से आम नागरिकों को व्यापक लाभ मिल सकता है। उन्होंने वाराणसी कैंट क्षेत्र से जुड़े विकास संबंधी मुद्दों पर अपनी प्राथमिकताओं और अनुभवों को साझा किया। महामनापुरी कॉलोनी, करौंदी निवासी प्रवीण प्रकाश ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1994 से 2024 तक आंध्र प्रदेश कैडर में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी के रूप में कार्य किया। इससे पूर्व उन्होंने वर्ष 1988 से 1992 तक आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त की तथा आगे की पढ़ाई मैक्सवेल स्कूल, अमेरिका से की। उन्होंने कहा कि अपने लगभग 30 वर्षों के प्रशासनिक कार्यकाल में उन्हें शिक्षा, जनस्वास्थ्य, शहरी विकास, रोजगार सृजन और लोक प्रशासन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने का अवसर मिला। उनके अनुसार, सेवानिवृत्ति के बाद वे अपने अनुभवों का उपयोग जनहित और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों में करना चाहते हैं। प्रवीण प्रकाश ने कहा कि सरकारी एवं सहायता प्राप्त (एडेड) इंटर कॉलेजों में अध्ययनरत हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों को अंग्रेजी लेखन और संप्रेषण कौशल में सहयोग मिलने से उनकी रोजगार संबंधी संभावनाओं में वृद्धि हो सकती है। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को बीमारी के इलाज के कारण अत्यधिक आर्थिक बोझ का सामना नहीं करना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के विस्तार तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी क्षेत्रों को मजबूत बनाकर समाज के समग्र विकास की दिशा में सकारात्मक बदलाव लाए जा सकते हैं। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में वाराणसी कैंट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की अपनी मंशा का भी उल्लेख किया। Post navigation प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 20वें रोजगार मेले को संबोधित किया, 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए श्री अग्रसेन कन्या पी.जी. कॉलेज में अध्ययन परिषद की बैठक हुई संपन्न