Anivarya Prashna Web Bainer New 2025
President of India presents Padma Awards to several distinguished dignitaries

राष्ट्रपति ने कई प्रतिष्ठित गणमान्‍य व्‍यक्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया


अनिवार्य प्रश्न। संवाद।


नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में नागरिक अलंकरण समारोह के दौरान कई प्रतिष्ठित गणमान्‍य व्‍यक्तियों को उनकी असाधारण और विशिष्ट सेवाओं के लिए पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू को सार्वजनिक जीवन में योगदान, भरतनाट्यम नृत्यांगना डॉ. पद्मा सुब्रमण्यम को कला के क्षेत्र में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। बिंदेश्वर पाठक को भी सामाजिक कार्य के क्षेत्र में मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने बंगाली और हिंदी सिनेमा में जीवंत अभिनय के लिए अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को पद्म भूषण से भी सम्मानित किया। कला के क्षेत्र में प्रसिद्ध गायिका उषा उथुप, कालाजार पर अनुसंधान और नीति में अपने आजीवन योगदान के लिए डॉ. चंद्रेश्वर प्रसाद ठाकुर को पद्म भूषण से अलंकृत किया गया। इसके अलावा कला के क्षेत्र में अनुभवी मराठी फिल्म निर्देशक दत्तात्रय अंबादास मयालू और अनुभवी राजनेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री राम नाईक को सार्वजनिक क्षेत्र में पद्म भूषण पुरस्‍कार प्रदान किये गये।

अनुभवी टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना को खेल के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार मिला। पद्मश्री पाने वाले अन्य लोगों में लकड़ी पर नक्काशी करने वाले जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध शिल्पकार गुलाम नबी डार, असम के आदिवासी किसान सरबेश्वर बसुमतारी, सर्जन डॉ. प्रेमा धनराज और आयुर्वेद डॉक्टर मनोहर कृष्ण डोले शामिल हैं। आकाशवाणी से बात करते हुए पद्म भूषण से सम्मानित और मशहूर गायिका उषा उथुप ने प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की। उन्होंने आकाशवाणी की भी सराहना करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का अभिन्न अंग रहा है। पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित भारत के पैरा तैराक सत्येन्द्र सिंह लोहिया ने कहा, यह केंद्र सरकार का दूरदर्शी कदम है कि सभी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली लोगों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना जा रहा है। आकाशवाणी से बातचीत में कला के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित महाबीर सिंह गुड्डु ने कहा कि इस स्तर तक पहुंचने में आकाशवाणी की अहम भूमिका रही है।

पद्म पुरस्कार – देश के सर्वाेच्च नागरिक पुरस्कारों में से है। यह तीन श्रेणियों – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री में प्रदान किया जाता है। पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक जीवन, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल और सिविल सेवा सहित विभिन्न विषयों और गतिविधियों के क्षेत्रों में दिए जाते हैं। पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म भूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए तथा पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।