The World JourneyVisit domestic tourist destinations before traveling abroad Shri Jagdeep Dhankhar

विदेशों की यात्रा करने से पहले घरेलू पर्यटन स्थलों पर जाएं: श्री जगदीप धनखड़


अनिवार्य प्रश्न। संवाद।


नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने विश्व पर्यटन दिवस, 2022 के अवसर पर पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आज पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार प्रदान किए। केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भी समारोह में भाग लिया। 2018-19 में उद्योग की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए इस वर्ष कुल 81 पुरस्कार दिए गए। उपराष्ट्रपति ने इस अवसर पर इंडिया टूरिज्म स्टैटिस्टिक्स 2022, न्यू इनक्रेडिबल इंडिया ग्लोबल प्रोमोशनल फिल्म्स, और “गो बियॉन्ड: 75 एक्सपीरियंस ऑफ नॉर्थ इंडिया” ई-पुस्तक भी जारी की।

अपने मुख्य भाषण के दौरान उपराष्ट्रपति श्री धनखड़ ने भारत को “पर्यटन के लिए स्वर्ग” के रूप में वर्णित किया और भारतीयों से अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों को देखने से पहले घरेलू पर्यटन स्थलों को देखने के लिए कहा। भारत के लंबे सभ्यतागत इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए उन्होंने रेखांकित किया कि देश के अधिकांश पर्यटन स्थलों का हमारे इतिहास, लोक कलाओं और प्राचीन ग्रंथों से गहरा संबंध है।

देश में पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए, श्री धनखड़ ने कहा कि पर्यटन के बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ देखो अपना देश और उत्सव पोर्टल जैसी नवीन पहल की गई है।

जब भारत अपनी आज़ादी के 75 साल पूरा होने का जश्न मना रहा है, तब पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार ने 27 सितंबर, 2022 को आज़ादी के अमृत महोत्सव के प्रतिष्ठित सप्ताह के आयोजन की शुरुआत और इस उद्योग में शामिल लोगों की कोशिशों की सराहना की और राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार बांटे।

यह राष्ट्रीय पुरस्कार यात्रा, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री के भिन्न हिस्सों को दिए गए। इनमें राज्य सरकारें भी शामिल हैं। इसका उद्देश्य उनकी कोशिशों का सम्मान करना और एक स्वस्थ्य प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है, ताकि पर्यटन के विकास के लक्ष्य को पूरा किया जा सके। बीते सालों में यह पुरस्कार यात्रा, पर्यटन और सरकार क्षेत्र में प्रतिष्ठित पहचान का माध्यम बनकर उभरे हैं।