VaranasiOrganized 'Women Empowerment and Awareness Rally' on the 250th birth anniversary of Raja Ram Mohan Roy

राजा राममोहन राय की 250 वीं जयंती पर ‘महिला सशक्तिकरण व जागरूकता रैली‘ का आयोजन


अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।


वाराणसी। राजा राममोहन राय की 250 वीं जयंती पर ‘महिला सशक्तिकरण व जागरूकता रैली‘ का आयोजन किया गया। रैली की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती मृदुला जयसवाल रहीं। उन्होंने उक्त रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महिला सशक्तिकरण जागरूकता रैली को यूपी कॉलेज के प्रांगण से चलकर लगभग 02 किलोमीटर की यात्रा करते हुए महावीर रोड टकटकपुर से अर्दली बाजार होते हुए एलटी कॉलेज कैंपस राजकीय जिला पुस्तकालय परिसर पर समाप्त हुई। इस जागरुकता रैली में रानी मुरार कुमारी बालिका इंटर कॉलेज, संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल एवं कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

अपने संबोधन में महापौर श्रीमती जायसवाल ने कहा कि महिला अब अबला नारी नहीं है। नवीन सदी की नारी न केवल अपने पारिवारिक दायित्यों का सम्यक निर्वहन कर सकती है वरन गुरू, साहित्यकार, डॉक्टर, वैज्ञानिक तथा वीर सैनिक की तरह युद्व के मैदान में भी अपना कौशल दिखा सकती हैं। भारत में नारी की सदैव पूजा की जाती रही है, हमारा समाज नारी का आदर और सम्मान करता रहा है। बालिकाएं मन लगाकर पढ़ें, पुस्तकालय में जाकर ज्ञान वर्धक साहित्य और अपनी प्राचीन संस्कृति का भी अध्ययन करें। उन्होंने राजा राममोहन राय के कार्याे पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए रैली के सुंदर आयोजन हेतु नोडल अधिकारी राजकीय जिला पुस्तकालय वाराणसी के पुस्तकालयाध्यक्ष के. एस. परिहार को धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम के संयोजक एवं नोडल नोडल अधिकारी कंचन सिंह परिहार ने अवगत कराया कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय राजा राम मोहन राय पुस्तकालय प्रतिष्ठान कोलकाता तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है।

रैली में सर्वप्रथम उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों से आए हुए शिक्षकों, शिक्षिकाओं तथा बच्चों का स्वागत अपने गीत के माध्यम से डॉ. शरद श्रीवास्तव “शरद” द्वारा प्रस्तुत किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने महापौर श्रीमती मृदुला जयसवाल को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सभासदों, पत्रकार बंधुओ, शिक्षकों शिक्षिकाओं एवं बच्चों को राजा राम मोहन राय द्वारा समाज सुधार के उनके कार्यों से अवगत कराते हुए बच्चों का ज्ञानवर्धन किया। राजा राममोहन राय पुस्तकालय कोलकाता द्वारा देश में की जा रही सार्वजनिक पुस्तकालय सेवाओं के विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल के पुस्तकालयों को विकसित करने एवं उसको अधिक से अधिक उपयोगी बनाने पर चर्चा भी हुई। धन्यवाद ज्ञापन नोडल अधिकारी के एस परिहार ने किया।