अनिवार्य प्रश्न। संवाद। नई दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग ने ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार (उच्च शिक्षण संस्थान और पॉलिटेक्निक) 2026’ के लिए ऑनलाइन नामांकन आमंत्रित किए हैं। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार का उद्देश्य देश के तकनीकी और गैर-तकनीकी उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के उन अनुकरणीय शिक्षकों व संकाय सदस्यों को सम्मानित करना है, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान दिया है। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) को इस राष्ट्रीय पुरस्कार परियोजना का संस्थागत भागीदार बनाया गया है। इच्छुक शिक्षक, संस्थान या उनके सहयोगी राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल www.awards.gov.in के माध्यम से निर्धारित प्रारूप में आगामी 5 जुलाई 2026 तक अपना नामांकन ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। इस पुरस्कार को मुख्य रूप से दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के लिए है, जिसके तहत तीन उप-श्रेणियां बनाई गई हैं—(i) इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, वास्तुकला, (ii) शुद्ध विज्ञान (गणित, भौतिक, जीव, रसायन विज्ञान, चिकित्सा, फार्मेसी आदि), और (iii) कला, सामाजिक विज्ञान, मानविकी, भाषाएं, विधि अध्ययन, वाणिज्य व प्रबंधन। वहीं दूसरी श्रेणी विशेष रूप से पॉलिटेक्निक संस्थानों के उत्कृष्ट शिक्षकों और संकाय सदस्यों को निर्धारित की गई है। इस पुरस्कार के लिए जनभागीदारी के आधार पर तीन तरीकों से नामांकन किया जा सकता है, जिसमें शिक्षकों द्वारा स्व-नामांकन, संस्थानों के प्रमुखों (निदेशक, प्रिंसिपल या कुलपति) द्वारा संस्थागत नामांकन, अथवा उसी संस्थान में कार्यरत सहकर्मियों द्वारा सहकर्मी नामांकन (पियर नॉमिनेशन) शामिल है। पुरस्कार के लिए पात्रता मानदंडों के अनुसार, आवेदक देश के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और पॉलिटेक्निक संस्थानों में नियमित संकाय सदस्य होना चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास स्नातक (UG) या स्नातकोत्तर (PG) स्तर पर कम से कम पांच वर्ष का पूर्णकालिक शिक्षण अनुभव होना अनिवार्य है और नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि तक उनकी आयु 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। वर्तमान में कार्यरत नियमित या कार्यवाहक कुलपति, निदेशक और प्रधानाचार्य इस पुरस्कार के लिए आवेदन करने के पात्र नहीं हैं, हालांकि जो व्यक्ति पहले इन पदों पर रह चुके हैं और वर्तमान में सक्रिय शिक्षण सेवा में हैं (बशर्ते आयु 55 वर्ष से कम हो), वे आवेदन कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की पूछताछ या तकनीकी सहायता के लिए आवेदक ईमेल helpdesknataward26@aicte-india.org या फोन नंबर 011-29581051 / 011-295811236 पर सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच संपर्क कर सकते हैं। Post navigation “निवेशक सहायता” पोर्टल शुरु सहभागी जल बजटिंग से बदलेगी ग्रामीण भारत की सूरत, जल सुरक्षा और सामुदायिक सशक्तिकरण के लिए नीति और तकनीक का अनूठा मेल