अनिवार्य प्रश्न। संवाद। नई दिल्ली। भारत सरकार विभिन्न रणनीतिक पहलों और नीतिगत हस्तक्षेपों के माध्यम से देश में सेमीकंडक्टर के अनुकूल सुदृढ़, विश्वसनीय और टिकाऊ परिवेश के विकास की दिशा में संगठित प्रयास कर रही है। सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 24 सेमीकंडक्टर डिजाइन परियोजनाओं के साथ-साथ 12 फैब/पैकेजिंग परियोजनाओं को स्वीकृति दी जा चुकी है।इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन ने निवेशकों का विश्वास बढ़ाने और उनकी चिंताओं को दूर करने के उद्देश्य से 26.05.2026 को “निवेशक सहायता” के नाम से ऑनलाइन पोर्टल शुरु किया है जो वेबसाइट लिंक https://www.ism.gov.in/investment पर उपलब्ध है ।यह पोर्टल उन निवेशकों को सरकारी योजनाओं, नीतियों, सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृत परियोजनाओं, नियामक अपेक्षाओं इत्यादि से संबंधित जानकारी प्रदान करने के लिए विकसित किया गया है जो भारत में निवेश करने पर विचार कर रहे हैं।यह पोर्टल निवेशकों को अपनी शिकायतें/चिंताएं दर्ज करने में भी सक्षम बनाएगा जिनका समाधान इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) के अधिकारियों की ओर से संबंधित मंत्रालयों, विभागों, संगठनों, राज्य सरकारों, अनुमोदित परियोजनाओं से जुड़ी कंपनियों और अंतरराष्ट्रीय तथा राष्ट्रीय व्यापार निकायों/संघों के नोडल अधिकारियों के सहयोग से किया जाएगा।आईएसएम के सीईओ श्री अमितेश कुमार सिन्हा ने पोर्टल के शुभारंभ के कार्यक्रम में विदेशी निवेशकों को सहयोग और सुविधा प्रदान करने के महत्व पर बल दिया तथा सभी संबंधित हितधारकों के प्रतिनिधियों से देश में सेमीकंडक्टर विनिर्माण और डिजाइन के अनुकूल परिवेश को और मजबूत करने के लिए निवेशकों की चिंताओं को दूर करने में अपनी-अपनी भूमिकाएं सक्रिय रूप से निभाने का आग्रह किया।इस पोर्टल पर संबंधित हितधारकों को सुव्यवस्थित समन्वय के साथ उनकी समस्याओं के समयबद्ध रूप से समाधान के लिए सुरक्षित, भूमिका-आधारित, एकल-खिड़की वाला डिजिटल इंटरफ़ेस प्राप्त होगा ।पोर्टल के शुभारंभ के कार्यक्रम में इसके ढांचे, कार्यों, ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया, समन्वय से संबंधित तंत्र और इसमें भागीदार मंत्रालयों, विभागों, संगठनों, राज्य सरकारों, अनुमोदित परियोजनाओं से जुड़ी कंपनियों, अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय व्यापार निकायों/संघों के नोडल अधिकारियों की भूमिका और जिम्मेदारियों का अवलोकन और विस्तृत विवरण भी दिया गया। Post navigation उच्च शिक्षा और पॉलिटेक्निक शिक्षकों के लिए ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026’ के नामांकन शुरू; 5 जुलाई तक करें आवेदन