अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद। एमएसपी गारंटी कानून, किसानों की कर्जमाफी और बिजली निजीकरण पर रोक समेत सात सूत्रीय मांगें उठाईं; दिसंबर में आंदोलन तेज करने की चेतावनी’ वाराणसी। कृषि कानूनों के विरोध में वर्ष 2020-21 में दिल्ली की सीमाओं पर चले किसान आंदोलन के छह वर्ष पूरे होने पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार को वाराणसी में किसानों ने बैठक कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इस दौरान किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार से पूर्व में किए गए वादों को पूरा करने की मांग की। किसान नेताओं ने कहा कि 26 नवंबर 2020 को कृषि कानूनों के विरोध में गाजीपुर और सिंघु बॉर्डर पर आंदोलन शुरू हुआ था, जो 13 महीने 19 दिन तक चला था। उस समय प्रधानमंत्री को सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया था। प्रधानमंत्री ने स्वयं किसानों की मांगों को स्वीकार करते हुए छह महीने के भीतर उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन छह वर्ष बीतने के बाद भी मांगें पूरी नहीं हुई हैं। किसानों की प्रमुख मांगों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, बिजली के निजीकरण पर रोक और किसानों की कर्जमाफी शामिल हैं। इसके अलावा आंदोलन के दौरान शहीद हुए 750 किसानों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गई। किसानों ने मनरेगा का नाम पूर्ववत करने, प्रतिदिन 700 रुपये मजदूरी देने और साल में 200 दिन काम उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। किसान नेताओं ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देशभर में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के रुख का हवाला देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नवंबर के अंत तक किसानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो दिसंबर में देशव्यापी आंदोलन के तहत किसान सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक किसान और मजदूर एकजुट होकर आंदोलन नहीं करेंगे, तब तक केंद्र सरकार उनकी आवाज नहीं सुनेगी। इसी विरोध और लंबित मांगों को लेकर मंडलायुक्त वाराणसी को ज्ञापन सौंपा गया। Post navigation विनायका एवं क्रांतिपल्ली कॉलोनी में विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने किया जनसंपर्क, रोशन होटल में जनसुनवाई कर सुनीं नागरिकों की समस्याएं विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने अधिवक्ता सदन और पुस्तकालय भवन का विस्तारीकरण एवं सौंदर्याकरण के बाद फीता काटकर दोनों भवनों का किया उद्घाटन