LIC officers' grand convention concludes in Varanasi; deliberations held on organizational matters and workers' interests.LIC officers' grand convention concludes in Varanasi; deliberations held on organizational matters and workers' interests.

अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।

वाराणसी। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के प्रथम श्रेणी अधिकारियों के प्रमुख संगठन नेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंश्योरेंस ऑफिसर्स (NOINO) का द्विवर्षीय महाधिवेशन एवं त्रैमासिक सम्मेलन भेलूपुर स्थित होटल डॉल्फिन ग्रैंड में संपन्न हुआ। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध इस संगठन के सम्मेलन में राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिकहित के मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, भगवान विश्वकर्मा एवं भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और श्रमिक गीत के साथ हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता वाराणसी यूनिट के अध्यक्ष सुरेश कुमार मिश्रा ने की।

मुख्य वक्ता NOINO के राष्ट्रीय महासचिव राजेश दुबे ने संगठन की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रवाद संगठन की मूल भावना है। उन्होंने कहा कि श्रम आंदोलन की सफलता जन-आंदोलन के रूप में उसकी स्वीकार्यता और सहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने सामाजिक उत्तरदायित्वों में सक्रिय भागीदारी को भी संगठन की प्राथमिकता बताया।

उत्तर मध्य क्षेत्र के जोनल सेक्रेटरी संजीव दुबे ने कहा कि NOINO अपनी मूल्य आधारित कार्यशैली और जागरूकता के कारण पूरे क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखता है। वहीं मुख्य अतिथि एवं भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ चिंतक विद्यासागर राय ने दत्तोपंत ठेंगड़ी के विचारों का उल्लेख करते हुए उद्योग और श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।

सम्मेलन में वाराणसी मंडल के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक राजेश कुमार चौधरी के नेतृत्व की सराहना की गई। वक्ताओं ने बताया कि उनके मार्गदर्शन में मंडल ने प्रीमियम आय और मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पिछले ढाई वर्षों में वाराणसी मंडल द्वारा 600 करोड़ रुपये से अधिक की प्रीमियम आय अर्जित किए जाने को टीम वर्क और सकारात्मक कार्य-संस्कृति का परिणाम बताया गया।

महामंत्री प्रतिवेदन संजय कुमार सिंह ने प्रस्तुत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन अजय प्रताप सिंह ने किया। अंत में कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव रंजन पाठक ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

अधिवेशन में देश, संस्था और कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास, कार्य-जीवन संतुलन (वर्क-लाइफ बैलेंस) तथा सकारात्मक कार्य वातावरण को बढ़ावा देने से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और निर्णयों पर विचार-विमर्श किया गया।

सम्मेलन में वाराणसी मंडल के अंतर्गत आने वाले बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र एवं वाराणसी की विभिन्न शाखाओं से सैकड़ों प्रथम श्रेणी अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष प्रमील पांडेय सहित एलआईसी एवं संगठन के अनेक पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group