Police Commissioner Mohit Agrawal inspected the Cantt Police Station and issued instructions for the speedy disposal of pending investigations.Police Commissioner Mohit Agrawal inspected the Cantt Police Station and issued instructions for the speedy disposal of pending investigations.

अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।

अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई, साइबर पुलिसिंग और पुलिसकर्मियों के कल्याण पर विशेष जोर

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को थाना कैंट का निरीक्षण कर वरुणा जोन के सर्किल कैंट एवं रोहनिया क्षेत्र के थानों में लंबित कालबाधित विवेचनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विवेचनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने अपराध नियंत्रण, प्रभावी जनसुनवाई तथा पुलिसकर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण साक्ष्य संकलन, प्रभावी पर्यवेक्षण और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कमिश्नरेट की थाना गोद लेने की पहल के तहत अधिकारियों को थानों की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं की नियमित समीक्षा करने तथा कमियों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने साइबर सुरक्षा, प्रतिबिम्ब एप, सीसीटीएनएस, आरटीसी, जेडएफडी, फॉरेंसिक जांच, साक्ष्य संकलन, सीडीआर और आईपीडीआर जैसे तकनीकी विषयों पर पुलिसकर्मियों की जानकारी परखी तथा तकनीकी दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए।

महिला सुरक्षा को लेकर उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र की महिला पुलिसकर्मियों को विद्यालयों, हॉस्टलों और कोचिंग संस्थानों में नियमित जागरूकता अभियान चलाने, छात्राओं एवं महिलाओं से संवाद स्थापित करने तथा 1090, 112 और 1930 हेल्पलाइन के प्रति जागरूक करने को कहा। साथ ही शिक्षण संस्थानों में सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच और कमियां मिलने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने नए रिक्रूट आरक्षियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए साप्ताहिक मूल्यांकन तथा सभी आरक्षियों को बीट आवंटित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में आगंतुकों के साथ सौम्य व्यवहार, समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान तथा सकारात्मक फीडबैक सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और जाम की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा थाना परिसर में स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, महिलाओं के लिए पृथक शौचालय तथा पुलिसकर्मियों के लिए मेस में गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन लिपि नागयाच सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Powered by Syahi Prakashan | Anivarya Prashna News & Web Group