Several programmes were organized in the state on the occasion of World Earth Day

विश्व पृथ्वी दिवस पर प्रदेश में कई कार्यक्रम आयोजित हुए


अनिवार्य प्रश्न। संवाद।


झुंझुनूं। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पृथ्वी और पर्यावरण के संरक्षण के प्रति जागरूकता के लिए प्रदेश में कई कार्यक्रम आयोजित हुए। झुंझुनूं में केंद्र सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय और वन विभाग की ओर से विश्व पृथ्वी दिवस मनाया गया। इस मौके पर झुंझुनूं जिला मुख्यालय के बीड़ क्षेत्र में स्कूली बच्चों को हिरण सफारी करवाई गई। जिला पर्यावरण सुधार समिति की ओर से हुए कार्यक्रम में पौधारोपण के बाद विचार गोष्ठी हुई। जिसमें विभिन्न वक्ताओं ने बच्चों को प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में बताया और प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई गई।

इस दौरान नारा लेखन, चित्र और गायन प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान डीएफओ बीएल नेहरा ने कहा कि प्लास्टिक का उपयोग हमारे पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के उपयोग को रोकने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने होंगे। पृथ्वी दिवस पर भरतपुर में भी कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। आरडी गर्ल्स कॉलेज और सिविल लाइंस राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली गई। केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में पृथ्वी दिवस पर आयोजित की गई संगोष्ठी में प्रदूषण से बचने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आव्हान किया। स्ट्रीट वेंडरों से पॉलीथिन में सामान नहीं बेचने की अपील के साथ कागज अथवा कपड़े से बने थैलों को ही उपयोग में लेने की सलाह दी गई ।