Book Calling Career at World Book Fair released

विश्व पुस्तक मेले में कैरियर कॉलिंग पुस्तक का विमोचन


अनिवार्य प्रश्न। संवाद।


नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू ने आज प्रगति मैदान में नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में प्रकाशन विभाग द्वारा प्रकाशित इंडिया ईयर बुक 2024 और कैरियर कॉलिंग का विमोचन किया। भारत की प्रगति से संबंधित नवीनतम जानकारी प्रदान करने वाली इंडिया ईयर बुक 2024 एक वार्षिक संदर्भ पुस्‍तक है, – जो देश के विकास के बारे में अवगत रहने के इच्छुक लोगों के लिए अनिवार्य है। विभाग की ओर से प्रकाशित एक अन्य पुस्‍तक करियर कॉलिंग, साप्ताहिक समाचार पत्र रोजगार समाचार में हाल ही में प्रकाशित लेखों का एक विचारशील संग्रह है, जो छात्रों और युवाओं को करियर के बारे में मार्गदर्शन प्रदान करेगी। यह पुस्तक आज के प्रतिस्पर्धी परिदृश्य में सुविचारित विकल्पों के महत्व पर जोर देती है। इन दोनों पुस्‍तकों के अलावा प्रगति मैदान के हॉल नंबर 5 के स्टॉल नंबर बी-11में प्रदर्शित प्रकाशन विभाग के विशाल संग्रह में योजना, कुरुक्षेत्र, आजकल, और बाल भारती जैसी लोकप्रिय पत्रिकाएं शामिल हैं, जो अनेक विषयों के बारे में महत्‍वपूर्ण जानकारी प्रदान करती हैं। प्रकाशन विभाग विविध विषयों को कवर करने वाली अपनी पुस्तकों का संग्रह भी प्रदर्शित कर रहा है। पसंदीदा पुस्‍तकों में गांधीवादी साहित्य, उल्लेखनीय बिल्‍डर्स ऑफ मॉडर्न इंडिया, कला, संस्कृति, विरासत और बाल साहित्य से संबद्ध विभिन्न पुस्तकें शामिल हैं। ये पुस्‍तकें देश भर में बोली जाने वाली अनेक भारतीय भाषाओं में उपलब्ध हैं।