अवैध मांस विक्रेताओं पर वाराणसी नगर निगम का शिकंजा, 30 किलो मांस जप्त कर किया गया निस्तारण
अनिवार्य प्रश्न। ब्यूरो संवाद।
वाराणसी। वाराणसी, 29 मई: नगर निगम वाराणसी द्वारा अवैध मांस विक्रेताओं के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए आज अवलेशपुर क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर पुलिस विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया, जिसका नेतृत्व नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. संतोष पाल एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार ने किया।
अभियान के दौरान पुलिस बल के साथ अवलेशपुर मुख्य मार्ग पर दर्जनों मीट दुकानों पर छापेमारी की गई। निरीक्षण में पाया गया कि सभी विक्रेता बिना किसी सुरक्षा उपायों के खुलेआम सड़क पर ही बकरों को काट रहे थे, जो स्वच्छता मानकों का उल्लंघन है।
संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से करीब 30 किलो अवैध रूप से काटा गया मांस जब्त किया और उसे करसड़ा प्लांट में सुरक्षित रूप से निस्तारित कराया। इसके साथ ही अवैध रूप से संचालित दुकानों को सील कर दिया गया तथा अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभाग को सूचित किया गया।
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे अवैध मांस विक्रेताओं के खिलाफ नियमित रूप से सघन अभियान चलाया जाए और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाए। पशु कल्याण अधिकारी डॉ. संतोष पाल ने बताया कि यह अभियान भविष्य में भी अन्य क्षेत्रों में जारी रहेगा।
नगर निगम की इस कार्यवाही से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्वच्छता एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन की प्रतिबद्धता एक बार फिर सामने आई है।