Anivarya Prashna Web Bainer New 2025
2751 e-rickshaws were seized and 9022 e-rickshaws were challaned during three days of operation in the state

प्रदेश में 2751 ई-रिक्शे सीज, किये गये 9022 ई-रिक्शे चालान


अनिवार्य प्रश्न। संवाद।


लखनऊ । उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग ई रिक्शा के अवैध संचालन एवं शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए व्यापक पैमाने पर अभियान चला रहा है। अभियान के तीसरे दिन आज प्रदेशभर में प्रवर्तन दल द्वारा कुल 829 ई रिक्शा सीज किये गये एवं 2894 ई रिक्शा का चालान किया गया। उन्होंने बताया कि ऐसे ई रिक्शों जो बिना पंजीकरण सड़क पर दौड़ रहे हैं, बिना फिटनेस या बिना कागजात पूरे किये ही संचालित हो रहे हैं के खिलाफ परिवहन विभाग उक्त मुहिम चला रहा है।

परिवहन मंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रवर्तन दल के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच अभियान की कार्यवाही में और तेजी लाए, जिससे कि अनधिकृत ई रिक्शा का संचालन रोका जा सके। साथ ही उन्होंने पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारियों से भी इस कार्य में सहयोग करने के निर्देश दिये। उन्होंने सख्त निर्देश दिये कि प्रवर्तन दल सुनिश्चित करे कि किसी भी परिस्थिति में नाबालिग द्वारा ई रिक्शा का संचालन न हो। नाबालिगों द्वारा ई रिक्शाओं का संचालन मिलने पर या ई रिक्शा के वैध लाइसेंस के बिना संचालन मिलने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाए। साथ ही चालकों को इस संबंध में जागरूक भी किया जाए।

परिवहन मंत्री ने बताया कि लखनऊ संभाग में कुल 280 ई रिक्शा का चालान किया गया एवं 86 ई रिक्शा को सीज किया गया। इसी प्रकार गाजियाबाद संभाग में 280 चालान एवं 86 सीज, झांसी संभाग में 208 चालान एवं 36 सीज, आगरा संभाग में 264 चालान एवं 76 सीज, वाराणसी संभाग में 114 संभाग एवं 27 सीज एवं मुरादाबाद संभाग में 310 चालान एवं 42 ई रिक्शा सीज किये गये। उन्होंने बताया कि इस प्रकार विभाग द्वारा की गयी कुल तीन दिन की कार्यवाही में 2751 ई रिक्शा सीज किये गये एवं 9022 ई रिक्शा का चालान किया गया।